संग्राम सिंह न सिर्फ रेस्लर-फाइटर हैं बल्कि एक्टर भी हैं. उन्होंने एक्ट्रेस पायल रोहतगी से 2022 में इंटीमेट वेडिंग की थी. लेकिन इस शादी में उथल-पुथल की खबर तब आई जब 2024 में एक वीडियो वायरल हुआ जहां पायल ने संग्राम की फैमिली पर सवाल उठाए थे. वीडियो में वो संग्राम के परिवार और उनकी महिलाओं की जीवनशैली पर गंभीर टिप्पणी करती दिखी थीं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था.
इस कॉन्ट्रोवर्शियल वीडियो के वायरल होने के बाद कपल के बीच अनबन की खबरें आने लगी थी. सोशल मीडिया पर बात तलाक तक पहुंच गई थी. हालांकि संग्राम और पायल ने तभी इन अफवाहों को खारिज कर दिया था. लेकिन पायल की सोच पर जमकर उंगली उठाई गई थी. उनकी खूब किरकिरी हुई थी.
इस पर संग्राम ने आजतक से एक्सक्लुसिव बात की और उस वीडियो के पीछे की सच्चाई बताई. एक्टर ने साथ ही अपने रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि वो पायल से बहुत प्यार करते हैं, उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ सकते.
2024 के वीडियो का सच क्या?
संग्राम ने कहा- पायल जी ने खाने का एक स्टार्ट-अप शुरू किया था. वहां उन्होंने खुद स्टॉल लगाया, बच्चों के साथ खड़ी रहीं. उस पर मेरी माताजी ने कहा कि ऐसे स्टॉल पर खडे़ रहना गांव में अच्छा नहीं लगता. मैंने भी उनको समझाने की कोशिश की. पायल जी का मोटिव अच्छा था पर सोच अलग थी. उन्हें लगा कि वो कुछ अच्छा कर रही हैं जिसमें हम उन्हें सपोर्ट नहीं कर रहे हैं. न मैं और ना ही हमारी फैमिली उन्हें समझती है. तो उस फील में आकर उन्होंने कुछ कह दिया था. उनका नेचर क्या है कि जो दिल में आता है वो करती हैं. उन्हें अगर कुछ गलत लगता है तो वो मुंह पर बोल देती हैं. पीठ पीछे नहीं बोलेंगी. इसलिए ऐसे लोगों को खरी-खोटी सुननी पड़ती हैं. उस वजह से उन्होंने दो-चार वीडियो बनाई, अपनी बातें कह दीं.
पायल जिस तरह की इंसान हैं वो नुकसानदायक नहीं है, क्योंकि उनके दिल में कुछ नहीं है. जब ये सब हुआ तो उन्हें बुरा लगा, इसलिए वीडियो बनाकर अपनी बात कह दी. पूरा घर उथल-पुथल कर दिया. ऐसे वो स्थिति बनी थी. तो मैं समझ सकता हूं कि उन्होंने वो बातें क्यों कही थीं.
पर्सनल लाइफ पर क्या पड़ा असर?
संग्राम बोले- जब आप पब्लिक लाइफ में आते हो तो आपको समझ जाना चाहिए कि आप सफेद कपड़े में खड़े हो और लोगों के हाथ में पत्थर-कीचड़ हैं. तो थोड़ा-सा हंगामा मचा अगर तो कोई बात नहीं. सेलिब्रिटीज के साथ तो होता रहता है. अब या तो आप तलाक दे दो, अलग हो जाओ. लेकिन फिर किसी से शादी कर लो- सब लड़का हो या लड़की सेम ही हैं. हजार करो या सौ करो, एडजस्ट तो करना पड़ेगा. बेहतर ये है कि उस स्थिति और इंसान को समझो कि ऐसा क्यों किया. मैंने भी वही किया.
शादी बचाने के लिए एडजस्टमेंट जरूरी
'उनकी सोच-समझ अलग है, मेरी अलग है. जैसे वो बड़ा घर चाहती हैं, मुझे लगता है दो लोगों के लिए जरूरत क्या है. लेकिन पायल को देखकर मैंने एक बात सीखी है कि जो करना है करो, दुनिया-समाज जाए भाड़ में. लेकिन हम जो हैं वो सबकी सोचते हैं. मैं सबका दोस्त हूं किसी से दुश्मनी नहीं है, लेकिन जब अकेला चलता हूं तो किसी को पता नहीं चलता. वहीं जब मैं पायल के साथ निकलता हूं तो दुनिया जान जाती हैं.'
मालूम हो कि, 2024 में वायरल हुए वीडियो में पायल रोहतगी ने अपने एक व्लॉग में आरोप लगाया था कि उनके पति संग्राम सिंह के परिवार की सोच काफी रूढ़िवादी है. उन्होंने कहा था कि उनके परिवार में महिलाओं को सिर्फ खाना बनाने, बच्चे पैदा करने और घूंघट में रहने तक सीमित रखा जाता है. इसके साथ ही उन्होंने संग्राम पर भी परिवार के दबाव में आकर बच्चा गोद न लेने का आरोप लगाया था.
आरती गुप्ता