कुमकुम भाग्य जैसे हिट सीरियल में काम कर चुकी एक्ट्रेस संचिता उगले अब हमारे बीच नहीं रही. बीते दिन 14 जून को उन्होंने अपने मुंबई स्थित घर में आत्महत्या की. 22 साल की उम्र में संचिता ने टीवी इंडस्ट्री में अपनी अच्छी पकड़ बना ली थी. ऐसे में उनका यूं चले जाना कई लोगों के लिए शॉकिंग रहा.
संचिता ने आत्महत्या क्यों की, इसकी वजह कोई नहीं जानता. उनके सोशल मीडिया पोस्ट से ये अंदाजा लगा पाना भी मुश्किल है कि उन्हें दुख या डिप्रेशन था. जो लोग उन्हें पहचानते हैं, उनके लिए यकीन कर पाना भी मुश्किल है कि एक्ट्रेस ने सुसाइड जैसा कदम उठाया. जो संचिता किसी इंफ्लुएंसर की आत्महत्या से टूट गई थीं, उन्होंने खुद ऐसा क्यों किया ये सवाल कई लोगों के मन में उमड़ रहा होगा.
जब किसी की मौत से टूटी थीं संचिता
संचिता उगले बीते साल 2025 में एक इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर मीषा अग्रवाल से जाने से दुखी हुई थीं. मीषा अग्रवाल ने दरअसल आत्महत्या करके अपनी जान ले ली थी. इसके पीछे का कारण सोशल मीडिया पर घट रहे फॉलोअर्स बताया गया, जिसे उनके परिवार वालों ने भी कंफर्म किया था. मीषा ने इंस्टाग्राम से अपना करियर बनाना शुरू किया था. ऐसे में जब उनके फॉलोअर्स घटने लगे, तो उनके अंदर डर बैठ गया. इंफ्लुएंसर के निधन पर संचिता ने रिएक्ट भी किया था.
टीवी एक्ट्रेस ने ईटाइस्म से कहा था कि युवाओं को इतनी आसानी से अपनी जिंदगी खत्म करने के बारे में सोचते देख मेरा दिल टूट जाता है. मैं मीषा को पर्सनली नहीं जानती, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके वीडियो कई बार देख चुकी हूं. मुझे उनके वीडियो देखना अच्छा लगते थे. वो हमेशा खुशमिजाज और जिंदगी से भरपूर नजर आती थीं. लेकिन उनकी मौत की वजह जानकर मुझे बहुत दुख हुआ. मैं सोच भी नहीं सकती कि इस समय उनके माता-पिता किस दर्द और तकलीफ से गुजर रहे होंगे.
संचिता ने ये भी कहा था कि सोशल मीडिया के चक्कर में कई लोग रियलिटी से दूर जा रहे हैं. ये एक गंभीर समस्या है, ऑनलाइन अपनी एक परफेक्ट इमेज बनाए रखने का प्रेशर काफी चिंताजनक है. इससे मेंटल हेल्थ पर बुरा असर पड़ सकता है. वो खुद इन चक्करों में कम ही पड़ती हैं. मीशा अग्रवाल के चले जाने से एक्ट्रेस काफी दुखी थीं. उनके मुताबिक इस घटना ने सोशल मीडिया का एक डार्क साइड भी दिखाया, जहां किसी के लिए उनके फॉलोअर्स जीने का जरिए बन जाते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क