अर्चना गौतम की टीवी की दुनिया में खास पहचान है. एक्ट्रेस अपने बबली और मजाकिया अंदाज के लिए जानी जाती हैं. मगर अब 'द 50' शो में अर्चना गौतम ने अपने बारे में कुछ ऐसी जानकारी दी, जिसे सुनकर उनके फैंस भी दंग रह गए. अर्चना ने बताया कि लव लाइफ में उन्होंने काफी मुश्किल वक्त देखा है. उनका एक्स बॉयफ्रेंड उन्हें बुरी तरह पीटता था.
अर्चना का खुलासा
अर्चना ने बताया कि उन्होंने अपने पास्ट रिलेशनशिप में काफी कठिन वक्त देखा है. वो फिजिकल अब्यूज झेल चुकी हैं. युविका चौधरी संग बातचीत के दौरान अर्चना ने बताया कि उनका एक्स बॉयफ्रेंड उन्हें बुरी तरह पीटता था. ये बताते हुए वो काफी इमोशनल हो गईं.
अर्चना ने कहा- मैं इतनी बोल्ड दिखती हूं. पर प्यार में मैं कमजोर हो जाती हूं. अर्चना की बात पर युविका ने कहा- ये प्यार नहीं होता है. कोई आपको जूते चप्पलों से मारे वो प्यार नहीं होता.
अर्चना फिर एक्स बॉयफ्रेंड के बारे में बताते हुए आगे बोलीं- वो दिखने में ज्यादा गुड लुकिंग भी नहीं था. मैंने उसका हुलिया बदल दिया था. मैंने उसे हीरो बनाया था. 24 घंटे मेरा ध्यान उसी पर रहता था. उसके लिए हर चीज करती थी. उसके कपड़ों तक का ध्यान मैं रखती थी. मैंने उसके लिए 100 जोड़ी कपड़े तक खरीदे थे.
डिप्रेशन में थीं अर्चना
अर्चना आगे बोलीं- इतना सब करने के बाद बदले में मुझे क्या मिला? सिर्फ फिजिकल अब्यूज. मैं बता भी नहीं सकती कि कितनी बेदर्दी से वो मुझे पीटता था. इतनी बेहरमी से मुझे लात मारता था. होटल में जब मैं चिल्लाने और मदद के लिए लोगों को बुलाने के लिए उसे धमकी देती थी तो वो मुझे और ज्यादा पीटता था. एक दफा उसने एक दूसरी लड़की के सामने इतनी बुरी तरह मुझपर हमला किया था कि वो लड़की भी डरकर भाग गई थी.
अर्चना ने आगे बताया कि ट्रॉमैटिक रिलेशनशिप की वजह से वो डिप्रेशन में चली गई थीं. एक्ट्रेस बोलीं- उस वक्त मैंने अपना मानसिक संतुलन पूरी तरह से खो दिया था. मैं हाल-फिलहाल में उस फेज से बाहर निकली हूं.
अर्चना की बातें सुनकर युविका ने उन्हें समझाते हुए कहा- अगर तुम लगातार किसी दूसरे के कंट्रोल में रह रही हो तो क्या तुम इसे प्यार कहती हो. अपनी मेंटल हेल्थ खराब करने से पहले खुद को प्यार करना जरूरी है. अर्चना की कहानी सुनकर फैंस भी इमोशनल हो गए हैं.
aajtak.in