रीवा बब्बर टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत तमिल सुपरस्टार विजय जोसेफ के साथ की थी. बाद में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में दामिनी विरानी बनकर घर-घर में पहचान बनाई. हालांकि, करियर के पीक पर उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी.
रीवा ने 1996 में तमिल फिल्म सेल्वा से डेब्यू किया. उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 17 साल थी. उन्होंने बताया कि पहले ही शॉट में उनकी इतनी घबराहट थी कि दिल जैसे मुंह से बाहर आ जाएगा. हालांकि विजय ने हर कदम पर उनकी मदद की और उनका हौसला बढ़ाया.
सेल्वा की शूटिंग के दौरान एक खतरनाक सीन फिल्माया गया. रीवा को लोहे के पिंजरे में बंद कर झरने के ऊपर लटका दिया गया था. शूट खत्म होने के बाद वही पिंजरा पानी में गिरा और गेंद की तरह उछलने लगा. रीवा कहती हैं कि अगर उस दिन कुछ गड़बड़ हो जाती, तो शायद उनका करियर वहीं खत्म हो जाता.
रीवा ने कहा कि आज जब विजय राजनीति में भी बड़ी पहचान बना चुके हैं, तो उन्हें उनकी सफलता पर बेहद खुशी होती है. उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि आज भी सेल्वा की तस्वीरें देखकर लोग उन्हें पहचान नहीं पाते.
टीवी में आने से पहले रीवा साल 2001 में 'Habibi Dah (Nari Narain)' म्यूजिक वीडियो में नजर आई थीं. यह गाना मिडिल ईस्ट में सुपरहिट हुआ और बेस्ट वीडियो का अवॉर्ड भी जीता. मजेदार बात यह है कि मुंबई से पहले लोग उन्हें काहिरा (मिस्र) में पहचानने लगे थे.
रीवा ने कई विज्ञापनों में काम किया, लेकिन उनकी किस्मत कैडबरी के मशहूर मेहंदी वाले विज्ञापन से बदली. उन्होंने बताया कि इस ऐड के लिए आखिरी मुकाबला उनके और किम शर्मा के बीच था. रीवा का ऑडिशन पसंद आया और यहीं से टीवी की दुनिया का दरवाजा खुल गया.
रीवा ने पहले 'क्यों होता है प्यार' से टीवी में पहचान बनाई, लेकिन असली स्टारडम 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में दामिनी विरानी बनकर मिला. लोग उन्हें असल जिंदगी में भी आदर्श बहू मानने लगे थे. कई महिलाएं उनसे कहती थीं कि काश उन्हें भी ऐसी बहू मिले.
रीवा ने लगभग दो दशक तक लगातार टीवी शोज किए. काव्यांजलि, कर्मा, राम मिलाई जोड़ी, बेइंतेहा और सूर्य पुत्र कर्ण जैसे कई बड़े सीरियल्स में नजर आईं. लेकिन रोजाना की भागदौड़ भरी शूटिंग से वह थक चुकी थीं और अपनी जिंदगी के लिए वक्त चाहती थीं.
फोटोग्राफी उनका शौक था, जो धीरे-धीरे प्रोफेशन बन गया. उन्होंने मुंबई में पढ़ाई करने के बाद लंदन और पेरिस में भी फोटोग्राफी सीखी. आज वह स्टूडियो रीवा बब्बर चलाती हैं और वेडिंग, पोर्ट्रेट और डॉक्यूमेंट्री स्टाइल फोटोग्राफी के लिए जानी जाती हैं. अरशद वारसी और अमित साध जैसे कई सितारे भी उनके कैमरे के सामने आ चुके हैं.
रीवा ने फिल्मों से पूरी तरह दूरी नहीं बनाई. उन्होंने आर. बाल्की की फिल्म पैडमैन में अक्षय कुमार के साथ भी काम किया. उनका कहना है कि अच्छी कहानी और दमदार रोल मिला तो वह दोबारा एक्टिंग जरूर करेंगी. रीवा ने मुस्कुराते हुए कहा- नेवर से नेवर.