राजीव खंडेलवाल के शो 'तुम हो ना घर की सुपरस्टार' पर हमें सेलेब्स की अनकही स्टोरी जानने का मौका मिलता है. इस बार 'वायरल भाभी' उर्फ हेमा शर्मा ने अपना अपना दर्द बयां किया है. टेलीविजन शो में हेमा ने अपनी मुश्किलें, दिल टूटने और संघर्षों के बारे में खुलकर बताया जिन्होंने उनकी जिंदगी बनाई. हेमा ने कहा कि उन्होंने बहुत मुश्किल जिंदगी जी है, पर वो खुश हैं.
वो कहती हैं कि मैं खुश हूं. मैंने बहुत मुश्किलों भरी लाइफ जी है. हां इंसान हूं, तकलीफ होती है. रोज संघर्ष होता है. किसी के पास पैसों की दिक्कत होती है. किसी के पास अपनों की दिक्कत होती है. हेमा ने कहा कि जिंदगी जीने के जितने तरह के संघर्ष होते हैं, शारीरिक, मानसिक, फाइनेंशियल, मैंने वो सब झेले हैं. पर मैं जिंदा हूं. मैं नहीं मरी और ना मरूंगी.
एक्ट्रेस ने कहा कि आप मुझे बेशर्म कहना चाहो तो कह दो, बहादुर कहना चाहो तो वो आपका नजरिया है. राजीव ने उनकी हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा, क्या आपको पता है आपकी सबसे बड़ी ताकत क्या है? हमने अभी देखा, जो लोग खुद की तारीफ करते हैं, वही असली मजबूत होते हैं.
जवाब में हेमा ने कहा कि मैं अपने आप को मोटीवेट करती हूं. उन्होंने ये भी कहा कि उनकी जिंदगी के 15 साल बर्बाद हो गए हैं. इसके बाद राजीव ने उनसे उनकी शादी के बारे में पूछा.
टूटी शादी के बारे में बात करते हुए हेमा कहती हैं कि वो कभी इतनी फेमस नहीं बनना चाहती थीं, लेकिन कब्र इरादा नहीं होता. कभी-कभी किस्मत फैसला कर देती है. उन्होंने कहा कि मैं मुरादानगर के एक छोटे के कस्बे से आई थी. कुछ काम कर लिए थे. तब लगा ठीक है. अमेरिका से इंसान मिला. पैसे हैं, सब है. सुखभरी जिंदगी होगी.
उन्होंने कहा कि लेकिन शायद नसीब में सुख नहीं था. साढ़े 11 साल बाद वो शादी टूट गई. उनका एक चार साल का बेटा था, जिसके साथ वो अलग रहने लगीं. उस वक्त तलाक नहीं हुआ था कि दूसरे हीरो की एंट्री हो गई. उस व्यक्ति ने कहा कि वो अच्छा इंसान है, हमेशा पॉजिटिव सोचता है. तो उन्होंने सोचा कि शायद सच में अच्छा इंसान है और एक मां होने के नाते उन्होंने सोचा कि वो अपने बेटे को पढ़ा नहीं पाएंगी, उन्हें एक ऐसा इंसान चाहिए, जो उनके बेटे को पढ़ा-लिखा सके और यह उनकी बड़ी गलती थी.
उस दौर में वे डिप्रेशन में चली गईं, लेकिन धीरे-धीरे पहचान और सफलता मिलने पर उन्होंने खुद को फिर से पाया. 2024 के अप्रैल में तय किया कि वो दूसरी बार तलाक लेंगी. इसके बाद वो अपने दोनों बच्चों के साथ एक छोटे से घर में रहने चली गईं. उन्होंने जैसे-तैसे घर संभाला. इसके बाद 2024 में उन्हें बिग बॉस का ऑफर मिला और इस शो ने उनकी जिंदगी बदल दी.
हेमा ने इमोशनल होते हुए कहा कि जब औरत का तलाक होता है, तो उसके पास प्रॉपर्टी और बैंक बैलेंस हो, जरूरी नहीं होता है. मुझे दो शादियों में एक रुपय भी नहीं मिला. वो कहती हैं कि दो बच्चे हैं, बदनामी है, जिम्मेदारी है. हां एक सबसे कीमती चीज है जिसका कोई मोल नहीं, वो है मेरा नाम, यानी 'हेमा शर्मा'.
All Photos: Instagram @hemasharma973