बिहार के नेता और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इस समय वीरेंद्र सहवाग के शो राइज एंड फॉल 2 में अपना दम दिखा रहे हैं. पहले हफ्ते 'अल्टीमेट रूलर' बनकर उन्होंने शो में गर्दा उड़ाया. कंटेस्टेंट्स के साथ तेज प्रताप का मस्ती भरा अंदाज भी लोगों को देखने मिला. मगर इसी दौरान उनका एक सीरियस और इमोशनल साइड भी बाहर आया.
क्यों हुआ था तेज प्रताप का तलाक?
राइज एंड फॉल 2 के हालिया एपिसोड में तेज प्रताप यादव को अपनी पहली शादी के बारे में बात करते हुए देखा गया. उन्होंने बताया कि कैसे उनकी शादी दबाव और जल्दबाजी में हुई. जब निहारिका तिवारी ने उनसे पूछा कि उनका तलाक क्यों हुआ था? तब उन्होंने कहा- लड़ाई-झगड़े हो गए थे, और क्या. नया-नया शादी था एकदम, तीन महीने में लड़ाई-झगड़ा.
'हम कुछ और थे, वो कुछ और थीं. दबाव में हम दोनों शादी कर लिए थे, उस समय मैं मंत्री था- हेल्थ मिनिस्टर ऑफ बिहार. घर जाने का मन नहीं करता था. कभी दोस्त के घर रुक गया, कभी इधर-उधर चला गया.' तेज प्रताप यादव आगे बताते हैं कि उनकी पहली पत्नी उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने देती थीं. उनका दावा है कि पत्नी से उनकी लड़ाई इतनी ज्यादा होती थी कि कभी-कभी वो अपने माता-पिता के सामने लड़ पड़ते थे.
उन्होंने कहा- मैं सुबह उठकर पूजा करता था, 6-7 बजे से. तो उसको वो सब पसंद नहीं था. बोलती थी कि पूजा मत करो. वो रात भर पार्टी किया करती थी, कभी-कभी सुबह के 4-5 बज जाते थे. पार्टी में स्मोक करती थी. हमारी अरेंज मैरिज थी, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की समस्या उत्पन्न हुई.
'पत्नी करती थी लवर से चैट'
एपिसोड में आगे तेज प्रताप यादव ने अपनी पहली पत्नी के अफेयर का भी खुलासा किया था. उन्होंने दावा किया कि वो अपने पुराने लवर को प्यार भरे मैसेज और हार्ट वाले इमोजी भेजा करती थीं. तेज प्रताप ने उस दिन को याद करते हुए कहा- विधान सभा में गया हुआ था, शाम में घर लौटा. मैं बेडरूम में आने के लिए एंट्री कर रहा था, तो वो किसी लड़के से चैट कर रही थी. उसका कोई पुराना बॉयफ्रेंड था, उससे पूरा चैट कर रही थी, लव यू, पूरा हार्ट भेज रही थी. सब चीज उसको भेज रही थी. मैंने सबकुछ दूर से देख लिया.
तेज प्रताप यादव बताते हैं कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ हुई बहस की पूरी रिकॉर्डिंग की थी, ताकि वो उसे सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश कर सकें. उनकी शादी ऐश्वर्या राय से साल 2018 में हुई थी, जो दरअसल बिहार के नेता चंद्रकांता राय की बेटी हैं. ये शादी छह महीने में ही टूट गई थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क