सलमान खान के शो बिग बॉस में दो कंटेस्टेंट्स आपस में ना भिड़े, ऐसा हो नहीं सकता. इस सीजन के लेटेस्ट एपिसोड में रोडीज फेम गुल्लू और दिल्ली के इंफ्लुएंसर नकुल धुल आपस में भिड़ते हुए नजर आएंगे. इसका प्रोमो भी सामने आया है, जिसमें दोनों को एक-दूसरे संग लड़ते-झगड़े देखा गया. नकुल ने गुल्लू के साथ जमकर हाथापाई भी की.
क्यों आपस में भिड़े नकुल-गुल्लू?
शो के नए प्रोमो में दिखाया गया है कि नकुल धुल, स्काउट ओपी को बताते हैं कि काजी तौकीर ने उनके बारे में कुछ कहा है. इसके बाद स्काउट ओपी, काजी तौकीर से इस बारे में सवाल करने पहुंच जाते हैं.उस वक्त नकुल, गुल्लू और घर के कुछ दूसरे सदस्य भी वहां बैठे होते हैं.
इसी दौरान नकुल और गुल्लू के बीच बहस शुरू हो जाती है. दोनों के बीच बात इतनी बढ़ जाती है कि वो एक-दूसरे से भिड़ जाते हैं और मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है. घर के बाकी सदस्य बीच-बचाव करके दोनों को रोकने की कोशिश करते हैं. लेकिन गुल्लू और नकुल, दोनों एक-दूसरे को मारने के लिए आतुर दिखते हैं.
नकुल को ये शिकायत है कि घर में सभी लोग एक-दूसरे की चुगली करते रहते हैं. जबकि काजी तौकीर और गुल्लू ने साफ कहा कि वो सिर्फ मस्ती-मजाक कर रहे थे. यहीं से इस पूरे बहस की शुरुआत होती नजर आई है. हालांकि बात हाथापाई तक किस वजह से पहुंची, ये जब एपिसोड आएगा तभी मालूम पड़ेगा.
शो से बाहर होंगे नकुल
नकुल धुल को शो में आए कुछ ही दिन हुए, और उन्होंने घर में इतना बड़ा पंगा ले लिया है. इस हाथापाई के कारण उन्हें बिग बॉस से बड़ी सजा भुगतनी पड़ सकती है. रिपोर्ट्स की मानी जाए, तो नकुल को घर से बाहर कर दिया गया है. गुल्लू संग फिजिकल फाइट उन्हें बहुत भारी पड़ी है. हालांकि कहानी में ट्विस्ट आने की भी संभावना जताई जा रही है.
कहा जा रहा है कि घर के नए कप्तान स्काउट ओपी को एक स्पेशल पावर मिलेगी. इससे वो नकुल धुल को घर में वापस ला सकते हैं. फैसला स्काउट के हाथों में होने वाला है. अब वीकेंड से पहले बिग बॉस के घर में और क्या-क्या तमाशे देखने मिलेंगे, ये आने वाले एपिसोड्स से पता चलेगा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क