मुंबई को ऐसे ही सपनों का महानगर नहीं कहा जाता है. हर साल कई युवा एक्टर बनने का सपना लेकर मुंबई आते हैं. उनका ख्वाब किसी बड़े स्टार के साथ फिल्म करने का होता है. कुछ का सपना पूरा हो जाता है, तो कुछ का अधूरा रह जाता है. कई एक्टर को अपना मनपसंद किरदार पाने में सालों लग जाते हैं. लेकिन एक्टर शेखर सुमन की कहानी इससे बिल्कुल अलग रही.
दिल्ली से मुंबई आने के महज 15 दिन बाद ही उनकी किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. उन्हें शशि कपूर की फिल्म 'उत्सव' में बतौर हीरो काम करने का ऑफर मिला.
शेखर सुमन ने हाल ही में इंटरव्यू के दौरान अपनी पहली फिल्म के बारे में जिक्र किया. शेखर ने बताया कि उन्होंने दिल्ली के श्रीराम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली थी और उसके बाद उन्होंने एक कंपनी में करीब दो साल तक काम भी किया. इसी दौरान उन्हें एक्ट्रेस-फिल्ममेकर शम्मी ने फिल्म ऑफर की थी.
उन्होंने कहा, 'शम्मी एक दिन हमारी कंपनी में आई. उन्होंने बताया कि वह 'पिघलता आसमान' नाम का फिल्म बना रही है, जिसमें शशि कपूर और राखी मुख्य भूमिका में थे. उस फिल्म में एक कैमियो रोल की जगह खाली थी जिसके लिए वह युवा कलाकार की तलाश कर रही थीं. वहां मौजूद सभी ने फिल्म में काम करने की इच्छा जताई और फिल्म को लेकर काफी एक्ससाइटेड थे. लेकिन उस रोल के लिए मुझे चुना गया. शम्मी जी ने कहा कि मैं अच्छा लग रहा हूं और मुझे ही ये रोल करना चाहिए.'
शेखर कपूर उसके बाद दिल्ली से मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने पहली बार राखी और शशि कपूर को देखा. 'पिघलता आसमान' में शशि कपूर और राखी मुख्य भूमिका में थे जबकि शेखर की फिल्म में छोटी सी भूमिका थी. फिल्म पूरे होने के बाद वह वापस दिल्ली जा रहे थे तभी शम्मी ने उन्हें अपना नंबर दिया और मुंबई आने पर फोन करने को कहा था. इसलिए जब शेखर फिर से मुंबई आए तो उन्होंने पहला फोन शम्मी को ही किया और उनसे मिलने के लिए गए. उस समय जहां शशि कपूर भी मौजूद थे. शशि ने उन्हें फिल्म 'उत्सव' ऑफर की.
शेखर ने बताया कि शशि कपूर ने उनसे कहा, 'मैं एक बड़ी फिल्म बना रहा हूं जिसमें अमिताभ बच्चन पहली बार नेगेटिव किरदार निभा रहे हैं. फिल्म हिंदी और अंग्रेजी दोनों में बनने वाली है. इसके बाद शशि ने मुझे बताया कि वह हीरो की तलाश कर रहे हैं और मुझसे पूछा, क्या आप इस फिल्म में हीरो बनना चाहेंगे?
इस ऑफर को सुनकर शेखर हैरान हो गए थे, क्योंकि वह हाल ही में मुंबई आए थे और उन्होंने सुना था कि मुंबई में बहुत स्ट्रगल के बाद फिल्म ऑफर होती है. इतना ही नहीं शेखर के लिए ये भी बहुत शॉकिंग था कि उनके साथ उस फिल्म में रेखा भी थी. रेखा का नाम सुनकर शेखर हैरान हो गए थे और उन्हें लग रहा था कि ये मजाक है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क