पाकिस्तानी सिनेमा के पॉपुलर डायरेक्टर और स्क्रीनराइटर खलील-उर-रहमान कमर ने एक्ट्रेसेस के बोल्ड कपड़े पहनने पर ऐतराज जताया है. उन्होंने कहा कि उनके सेट पर किसी भी एक्ट्रेस को छोटे या बोल्ड कपड़े पहनने की इजाजत नहीं है. उन्होंने पाकिस्तानी एक्ट्रेस सबा कमर पर इशारा किया.
एक्ट्रेसेस के कपड़ों पर क्या बोले डायरेक्टर?
दरअसल, सबा कमर को लेकर अपने एक पुराने बयान में खलील-उर-रहमान ने कहा था कि वो उनके साथ काम नहीं करेंगे, क्योंकि सबा कमर बोल्ड और रिवीलिंग कपड़े पहनती हैं और ये उन्हें पसंद नहीं है.
लेकिन अब खलील-उर-रहमान ने पलटी मार ली है. अब उन्होंने कहा है कि सबा अपनी पसंद के कपड़े पहनने के लिए आजाद हैं, लेकिन अगर वो उनके साथ किसी सीरियल में काम करती हैं, तो वो सेट पर इस तरह के कपड़ों की इजाजत नहीं देंगे.
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कम कपड़े पहनना स्टोन एज की संस्कृति थी. छोटे कपड़े पहनने का मतलब है कि हम तरक्की करने के बजाय पीछे की ओर जा रहे हैं.
एक नए पॉडकास्ट में खलील-उर-रहमान एक्ट्रेस सबा कमर के आउटफिट्स को लेकर बोले- आपकी मर्जी है. लेकिन अगर मेरे सेट पर होंगी तो नहीं पहन सकतीं. मेरे सेट पर तो लड़कियां डीप नेक कपड़े भी नहीं पहन सकतीं. लेकिन वो उनकी मर्जी है. मैं किसी को नहीं रोकता. आप चाहें सारे कपड़े उतार दीजिए. वो आपकी मर्जी है. आप जानो और आपका अल्लाह जाने.
होस्ट ने फिर खलील-उर-रहमान से पूछा- आपकी स्क्रिप्ट का हिस्सा बनने के लिए मोडेस्ट कपड़े पहनने पड़ते हैं? इसपर वो बोले- हमें हुक्म है शरीर ढाकने का. किसी जमाने में तो लोग नंगे फिरते थे, तो छोटे कपड़े पहनना प्रोग्रेसिव तो नहीं है ना, फिर तो आप पीछे जा रहे हैं. मर्दों को तो यही चाहिए, मर्द तो ये सब एन्जॉय करते हैं.
खलील-उर-रहमान के इस बयान पर उन्हें पाकिस्तानी आवाम से काफी खरी-खोटी सुनने को मिल रही है. लोग उनकी छोटी सोच पर सवाल उठा रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क