यूट्यूब पर व्लॉगिंग अब एक ऐसा प्रोफेशन बन चुका है, जिससे लोग आज की डेट में लाखों-करोड़ों रुपये कमा रहे हैं. उनमें से सौरव जोशी एक ऐसे यंग यूट्यूबर हैं, जिनकी कमाई करोड़ों में है. उन्हें 41.5 मिलियन यानी 4 करोड़ 15 लाख लोग यूट्यूब पर फॉलो करते हैं. उनकी जर्नी भी दिल छू लेने वाली है. लेकिन आजकल जो काम वो कर रहे हैं, उससे लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
सौरव जोशी की वीडियोज अब फैमिली व्लॉग से ज्यादा 'क्रिंज' बनती जा रही हैं. इसमें उनकी पत्नी के साथ जो मस्ती-मजाक है, वो अलग ही है. लेकिन इसके अलावा वो जो एक्सपेरिमेंट के नाम पर कई लीटर पानी बर्बाद कर रहे हैं, वो सचमुच सवाल खड़े करने वाली बात है. सौरव जोशी का लेटेस्ट व्लॉग लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
सौरव कर रहे पानी बर्बाद
यूट्यूबर ने 3 अगस्त को अपना एक नया व्लॉग वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया था, जिसमें वो एक पिकअप ट्रक बेड में स्विमिंग पूल बना रहे हैं. इसे उन्होंने ओपन स्विमिंग पूल का नाम दिया, जिसमें उनकी पत्नी और दोनों छोटे भाई शामिल हुए. पूल बनाने के लिए सौरव ने टैंकर बुलाया था, जिसका पानी उन्होंने अपनी मस्ती के लिए इस्तेमाल किया और बाद में उसे खुले मैदान में फेंक दिया. पूरे व्लॉग में सौरव को सड़कों के ऊपर पानी बर्बाद करते हुए देखा गया.
अब गौर करने वाली बात ये है कि ऐसा उन्होंने पहली बार नहीं किया. पिछले एक महीने में सौरव जोशी ने तीन बार टैंकर का पानी अपनी मस्ती-मजाक के लिए बर्बाद किया है. दो बार उन्होंने एक खुले मैदान में गहरा पूल बनाकर उसमें काफी सारा पानी डाला और गोते लगाए. सौरव ने इसके दो वीडियोज डाले, जिसे लाखों लोगों ने देखा. और अब ये खुली गाड़ी में काफी सारा पानी डालकर उसे स्विमिंग पूल की तरह इस्तेमाल किया. बाद में उसी गाड़ी में तेज रफ्तार से सड़कों पर घूमते भी दिखाई दिए
गौर करने वाली बात इस वीडियो की ये है कि इसमें सौरव की मां भी उन्हें फटकार लगाती हैं. उन्होंने उनके स्विमिंग पूल को लेकर नए ऑब्सेशन पर सवाल उठाए. यूट्यूबर की मां से कई लोग सहमत दिखे.
बच्चों पर पड़ेगा बुरा असर
सौरव जोशी का कंटेंट फैमिली फ्रेंडली होता है, जिसे देश का बच्चा-बच्चा अपनी मस्ती के लिए देखता है. जब वो बच्चे अपने फेवरेट यूट्यूबर को इस तरह पानी बर्बाद करता देखेंगे, तो उनके मन में भी ऐसा करने की इच्छा जागेगी. वो भी अपने माता-पिता से कहेंगे कि उनके लिए ऐसी ओपन गाड़ी में स्विमिंग पूल बनाएं जिसमें जान-मान का बड़ा खतरा भी शामिल है. चलिए ओपन गाड़ी में नहीं, लेकिन वैसे भी बच्चे स्विमिंग पूल बनाने की जिद पर अड़ गए, तब भी पानी की कितनी बर्बादी होगी.
एक तरफ जहां कई इलाकों में साफ पीने का पानी लोगों को नसीब नहीं होता. वहीं दूसरी तरफ सौरव जोशी अपने एंटरटेनमेंट के लिए पानी बर्बाद कर रहे हैं. उन्हें ये समझने की जरूरत है कि वो अब एक पब्लिक फिगर हैं, और उनके किए हुए एक्शन्स लोगों पर असर करते हैं. लोग उन्हें देखकर 'इंफ्लुएंस' होते हैं. ऐसे में ये उनकी जिम्मेदारी है कि थोड़ा समझदारी भरा कंटेंट लोगों के सामने पेश किया जाए, जिसमें कोई गलत मैसेज ना पहुंचे.
पर्व जैन