मीका के बाद उत्तराखंड मंत्री पर हावी पंजाबी सिंगर, पिटने का लगा आरोप, कहा- वीडियो रिकॉर्डिंग निकालो

Maninder Buttar ने उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के कथित बयान पर जवाब दिया है. सिंगर ने 2019 के शो की पूरी रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग की. जानिए दलेर मेहंदी विवाद से क्या है कनेक्शन.

Advertisement
मनिंदर का पलटवार (Photo: Screengrab) मनिंदर का पलटवार (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:20 PM IST

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में इन दिनों एक नया विवाद चर्चा में है. उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बयान पर अब मशहूर पंजाबी सिंगर मनिंदर बुट्टर ने चुप्पी तोड़ दी है. सिंगर ने मंत्री से साफ-साफ कह दिया है कि अगर सच सामने लाना है, तो साल 2019 में उत्तराखंड में हुए उनके शो की पूरी और बिना एडिट की गई रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की जाए. दरअसल, मंत्री ने हाल ही में दावा किया था कि उत्तराखंड में मनिंदर बुट्टर की पिटाई हुई थी. अब सिंगर ने इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा है.

Advertisement

मनिंदर को लगा झटका, बोले- मेरे पिता को भी घसीटा गया

मनिंदर बुट्टर ने सोमवार को इंस्टाग्राम लाइव के दौरान कहा कि जब उन्हें अपने और अपने पिता को लेकर की गई टिप्पणियों के बारे में पता चला, तो वह हैरान रह गए. उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा लोगों के साथ सम्मान से पेश आने की कोशिश की है और कभी जानबूझकर किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई.

सिंगर ने कहा- मैं बहुत सीधा-सादा इंसान हूं. मैंने कभी जानबूझकर किसी का दिल नहीं दुखाया और न ही कभी गलत व्यवहार किया. मैंने हमेशा अपनी गरिमा बनाए रखने और दूसरों को सम्मान देने की कोशिश की है. जब मुझे पता चला कि मेरे और मेरे पिता के बारे में ऐसी बातें कही गई हैं, तो मुझे सच में बहुत हैरानी हुई.

Advertisement

2019 के शो में मंत्री ने ही पहनाई थी पहाड़ी टोपी

इस विवाद के बीच मनिंदर बुट्टर ने अपने साल 2019 के उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए एक अहम बात कही. उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने राज्य में एक कार्यक्रम में एक घंटे से ज्यादा समय तक परफॉर्म किया था. इतना ही नहीं, सुबोध उनियाल खुद स्टेज पर आए थे और उन्हें पारंपरिक पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित भी किया था.

बुट्टर के मुताबिक, उन्होंने पूरा शो उसी टोपी को पहनकर किया था. ऐसे में अब वह चाहते हैं कि उस कार्यक्रम की पूरी रिकॉर्डिंग सामने आए, ताकि लोग खुद देख सकें कि आखिर उस दिन हुआ क्या था.

सिंगर ने कहा- यह बात 2019 की है, यानी करीब सात साल पुरानी. मैं उत्तराखंड में एक शो करने गया था और एक घंटे से ज्यादा समय तक परफॉर्म किया था. माननीय मंत्री भी स्टेज पर आए थे और उन्होंने मेरे सिर पर पारंपरिक पहाड़ी टोपी रखकर मुझे सम्मानित किया था. मैंने पूरा शो वही टोपी पहनकर किया था. मैं उनसे सम्मानपूर्वक अनुरोध करता हूं कि उस शो की पूरी रिकॉर्डिंग अपलोड करें, ताकि सभी लोग देख सकें कि असल में क्या हुआ था.

उन्होंने आगे कहा कि वह एक छोटे कलाकार हैं और हमेशा अपने परिवार को विवादों से दूर रखने की कोशिश करते है. बुट्टर ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी शराब या किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में परफॉर्म नहीं किया और हमेशा अपने काम को गंभीरता से लिया है.

Advertisement

आखिर कहां से शुरू हुआ पूरा विवाद?

दरअसल, यह पूरा मामला नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले से शुरू हुआ. यहां दिग्गज सिंगर दलेर मेहंदी स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे, तभी मंत्री सुबोध उनियाल ने बीच में उन्हें टोक दिया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्री ने दलेर मेहंदी पर लिप-सिंक करने और नशे में होने के आरोप लगाए. इसी दौरान उन्होंने मनिंदर बुट्टर का नाम भी लिया और कथित तौर पर कहा कि पहले उत्तराखंड आए बुट्टर की पिटाई हुई थी.

इस घटना ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया. मामला सिर्फ एक परफॉर्मेंस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कलाकारों के सम्मान और सार्वजनिक मंच पर नेताओं के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने लगे.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »