बंगाली सिनेमा में इस समय मातम पसरा हुआ है. एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का बीते दिन 29 मार्च को निधन हो गया है. बताया गया कि अपने सीरियल की शूटिंग के दौरान वो दीघा में थे. वहां तलसारी में समुद्र था जहां वो अपने को-स्टार के साथ टहलने गए थे. राहुल पानी के अंदर चले गए और फिर उसमें डूबने से उनकी मौत हो गई.
राहुल का अचानक चले जाना पूरे कॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए किसी बड़े धक्के से कम नहीं था. वो वहां के पॉपुलर स्टार एक्टर्स में से एक थे जो सीरियल और फिल्मों से अपनी अच्छी पहचान बना चुके थे. उनकी पत्नी प्रियंका सरकार भी जानी-मानी एक्ट्रेस हैं, जिनकी जिंदगी अब पूरी तरह बिखर चुकी है.
पति राहुल के निधन से दुखीं प्रियंका
प्रियंका ने पति राहुल के निधन के बाद इंस्टाग्राम के जरिए पहला स्टेटमेंट जारी किया है. उन्होंने सभी से विनती की है कि वो इस समय उन्हें, उनके बच्चों और परिवार को प्राइवेसी दें. प्रियंका सरकार लिखती हैं, 'इस समय हम बहुत दुखी और टूटे हुए हैं. इस मुश्किल घड़ी में हम आपसे पूरे दिल से कहते हैं कि हमें थोड़ी स्पेस और प्राइवेसी दें.'
'यहां एक छोटा बच्चा है, एक मां है, पूरा परिवार है और हमारे अपनों का एक घेरा है, जो इस दुख को साथ मिलकर झेलने की कोशिश कर रहा है. हम अपने मीडिया के दोस्तों और साथियों से विनती करते हैं कि वो हमारी सीमाओं का सम्मान करें, हमें परेशान ना करें और हमें शोक मनाने दें. इस वक्त आपकी समझ और साथ हमारे लिए बहुत मायने रखता है.'
राहुल बनर्जी और प्रियंका सरकार की शादीशुदा जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है. दोनों साल 2008 में एक बंगाली फिल्म चिरोदिनी तुमि जे अमर के दौरान मिले थे, जहां से उनकी दोस्ती हुई जो बाद में जाकर प्यार में बदली. फिर साल 2010 में उनकी शादी हुई. दोनों ने साल 2013 में अपने बेटे का स्वागत किया.
कई सालों तक साथ रहने के बाद राहुल और प्रियंका ने अलग होने का फैसला किया. साल 2017 में वो अलग हुए और 2018 में उन्होंने तलाक फाइल किया. मगर अपने बेटे की खातिर राहुल और प्रियंका वापस एक साथ आए. साल 2023 में उनका तलाक का केस बंद हुआ.
aajtak.in