साल 2023 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक 'पठान' ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए झंडे गाड़े थे. फिल्म की कामयाबी के साथ-साथ इसका गाना 'बेशरम रंग' भी जबरदस्त सुर्खियों में रहा था. हालांकि, इस गाने को लेकर उस वक्त काफी विवाद भी देखने को मिला था, लेकिन आज भी यह गाना पार्टीज और क्लब्स की पहली पसंद बना हुआ है.
अब इस गाने को लेकर नेशनल अवॉर्ड विजेता सिंगर शिल्पा राव ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. 26 मार्च को आयोजित 'टाइम्स नाउ समिट 2026' में हिस्सा लेने पहुंचीं शिल्पा ने गाने के पीछे की असल मंशा और इसके बनाने के मकसद पर खुलकर बात की है.
बेशरम रंग गाने पर बोलीं शिल्पा
समिट के दौरान जब शिल्पा राव से शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण पर फिल्माए गए इस सुपरहिट गाने 'बेशरम रंग' के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने बहुत ही खूबसूरती से इसका जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'हमने यह गाना इसलिए बनाया था ताकि हर इंसान जैसा भी है और जो भी है, खुद को अपनी तरह से सेलिब्रेट कर सके. अपनी असलियत में खुश रहना ही इसका मकसद था.'
बेशरम रंग गाने के बारे में
बता दें कि 'बेशरम रंग' अपनी रिलीज के साथ ही बड़े विवादों के घेरे में आ गया था. इंटरनेट पर एक वर्ग ने दीपिका पादुकोण की नारंगी रंग की मोनोकिनी पर गहरी आपत्ति जताई थी. यहां तक कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप भी लगे और फिल्म को बॉयकट करने की मांग भी उठी.
भारी दबाव और विरोध प्रदर्शनों के बावजूद, फिल्म के मेकर्स ने अपने विजन पर भरोसा रखा और गाने से उन दृश्यों को नहीं हटाया. नतीजा यह हुआ कि फिल्म रिलीज होने के बाद यह गाना एक बहुत बड़ा चार्टबस्टर साबित हुआ और विवादों के बावजूद लोगों की जुबां पर चढ़ गया.
मिला बेस्ट सिंगर का अवॉर्ड
शिल्पा राव के लिए यह गाना करियर के सबसे यादगार मोमेंट्स में से एक बन गया. इसी गाने के लिए उन्होंने 69वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2024 में 'बेस्ट प्लेबैक सिंगर (फीमेल)' का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था. विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी की जोड़ी द्वारा कंपोज किया गया यह गाना स्पेन की बेहद खूबसूरत लोकेशंस पर शूट हुआ था.
aajtak.in