15 साल के स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. इतनी छोटी उम्र में उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में बड़ा नाम कमा लिया है. उनके चौके-छक्के देख बड़े-बड़े क्रिकेटर्स के पसीने छूट जाते हैं. मगर हमेशा जोश और जज्बे से भरे वैभव अब मैदान पर इमोशनल होते दिखे. आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स से हारने के बाद वैभव अपने आंसुओं पर कंट्रोल नहीं कर पाए.
नहीं रुके वैभव के आंसू
वैभव सूर्यवंशी की टीम राजस्थान रॉयल्स शुक्रवार को हुए आईपीएल के क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ मैच हार गई, जिसकी वजह से उनकी टीम शानदार परफॉर्मेंस के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो गई. हार के बाद वैभव सूर्यवंशी इमोशनल हो गए. वो मैदान पर ही रोते नजर आए. कई दूसरे क्रिकेटर्स ने उन्हें संभाला और चुप कराया.
वैभव को मिला अमिताभ बच्चन का सपोर्ट
वैभव को इमोशनल होता देख अब बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने उन्हें सपोर्ट किया और उनका हौसला बढ़ाया है. अमिताभ ने वैभव सूर्यवंशी के सपोर्ट में अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. बिग बी ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि इस उम्र में वो ठीक से गुल्ली डंडा भी नहीं खेल पाते थे.
अमिताभ बच्चन ने वैभव सूर्यवंशी के सपोर्ट में लिखा- 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्या. इस उम्र में तो हम बंटों और गुल्ली डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे.
फैंस भी हुए इमोशनल
वैभव सूर्यवंशी को इमोशनल होता देखकर फैंस भी इमोशनल हो रहे हैं और उन्हें पोस्ट के जरिए चीयर कर रहे हैं. वैभव को भर-भरकर फैंस का प्यार मिल रहा है.
एक फैन ने लिखा- वैभव को रोता देखकर मेरी आंखों में भी आंसू आ गए. दूसरे यूजर ने लिखा- वैभव ने अपनी टीम को जिताने की बहुत कोशिश की, लेकिन ऊपरवाले के प्लान्स कुछ और ही थे.
अमिताभ बच्चन की बात करें तो 83 की उम्र में भी वो सुपर एक्टिव हैं. अमिताभ जल्द ही 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल में नजर आएंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क