'ट्विशा शर्मा को बसाना था घर, करनी थी पढ़ाई', मौत की खबर से को-एक्टर को लगा सदमा

एक्ट्रेस और पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है. इस बीच उनके को-स्टार दीक्षित शेट्टी ने भावुक होकर ट्विशा को याद किया और कहा कि वो बेहद मेहनती और जिंदगी से भरी हुई लड़की थीं.

Advertisement
ट्विशा शर्मा की मौत की खबर से शॉक में एक्टर (Photo: ITG) ट्विशा शर्मा की मौत की खबर से शॉक में एक्टर (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:20 PM IST

किसी ने नहीं सोचा था कि 33 साल की ट्विशा शर्मा की कहानी इतनी दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो जाएगी. पूर्व मिस पुणे और फिल्मों में काम कर चुकी ट्विशा की मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. भोपाल में उनके ससुराल से सामने आए इस कथित दहेज मौत के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, उनके साथ काम कर चुके कलाकार और करीबी लोग अब भी यकीन नहीं कर पा रहे कि हमेशा मुस्कुराने वाली ट्विशा अब इस दुनिया में नहीं रहीं.

Advertisement

ट्विशा के निधन पर को-स्टार ने जताया शोक

ट्विशा के निधन की खबर से उनके को-स्टार दीक्षित शेट्टी भी हैरान हैं. हाल ही में एक्टर रश्मिका मंदाना के साथ फिल्म द गर्लफ्रेंड में नजर आए थे.

दीक्षित ने कहा- ये बहुत चौंकाने वाली खबर है. मैं उन्हें हमेशा एक मेहनती और अपने काम को लेकर बेहद जुनूनी लड़की के तौर पर जानता था. वो जिंदगी से भरी हुई इंसान थीं. ये जानकर बहुत दुख हुआ कि उन्होंने अपनी जान ले ली. उन्होंने बताया कि आखिरी बार उनकी बात ट्विशा से करीब चार साल पहले फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों का ज्यादा संपर्क नहीं रहा.

दीक्षित ने आगे कहा- मुझे तो ये भी नहीं पता था कि उनकी शादी हो गई है. हमने सिर्फ एक फिल्म साथ की थी. बाद में वो अपने घर लौट गई थीं. उन्होंने कहा था कि वो मास्टर्स करना चाहती हैं और एक्टिंग में उन्हें वो संतुष्टि नहीं मिल रही थी जिसकी उम्मीद थी. उनके भाई आर्मी में थे और शायद उन्हें लगा कि ये इंडस्ट्री उनके लिए नहीं है. इसलिए वो परिवार के साथ सेटल होना चाहती थीं.

Advertisement

डायरेक्टर भी हुए भावुक

फिल्म मुगुरू मोनागालु के डायरेक्टर अभिलाष रेड्डी ने भी ट्विशा को याद करते हुए कहा कि वो सेट पर बेहद सिंपल और प्रोफेशनल थीं. उन्होंने कहा- मैं फिल्म की स्क्रीनिंग वाले दिन उनके माता-पिता से मिला था. पूरा परिवार बहुत अच्छा था. उनके निधन की खबर बेहद दुखद और हैरान करने वाली है.

दीक्षित शेट्टी संग ट्विशा शर्मा

दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच शुरू

भोपाल से सामने आए एक कथित दहेज मौत के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. 33 साल की  एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा पिछले हफ्ते भोपाल स्थित अपने घर में मृत पाई गईं. वो उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली थीं. 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में उनके पति और वकील समर्थ सिंह के घर में उनका शव फंदे से लटका मिला.

बताया जा रहा है कि ट्विशा और समर्थ की मुलाकात साल 2024 में एक डेटिंग ऐप पर हुई थी, जिसके बाद दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी कर ली थी. एमबीएम ग्रेजुएट और पूर्व मिस पुणे रह चुकीं ट्विशा ने शादी से पहले दिल्ली की एक कंपनी में कई साल तक काम किया था. इसके अलावा उन्होंने दो फिल्मों- मुगुरू मोनागलालु और जरा संभल के— में भी काम किया था.

Advertisement

इस बीच भोपाल पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच के लिए छह सदस्यीय SIT टीम बनाई है. ये जांच समर्थ सिंह और उनकी मां, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ हो रही है. कटारा हिल्स थाने के SHO सुनील कुमार दुबे ने बताया कि ट्विशा के परिवार ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है.

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10 बजे तक ट्विशा फोन पर अपने परिवार के संपर्क में थीं. परिवार का कहना है कि वो भोपाल छोड़कर वापस नोएडा आना चाहती थीं. वहीं भोपाल कोर्ट ने शुक्रवार को रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी, जबकि समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई 18 मई को होनी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement