29 साल बाद राजकुमार संतोषी संग सनी देओल, 'बंटवारा 1947' से रिपीट होगी हिस्ट्री? बोले- धमाल मचाएंगे

'बंटवारा 1947' के ट्रेलर लॉन्च पर सनी देओल ने 29 साल बाद राजकुमार संतोषी के साथ काम करने का अनुभव साझा किया. जानिए उन्होंने अपनी सुपरहिट जोड़ी, फिल्म और इमोशनल कहानी को लेकर क्या कहा.

Advertisement
सालों बाद राजुकमार संतोषी संग काम करने पर क्या बोले सनी देओल? (Credit: AFP) सालों बाद राजुकमार संतोषी संग काम करने पर क्या बोले सनी देओल? (Credit: AFP)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 28 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:18 PM IST

बॉलीवुड के 'ढाई किलो के हाथ' वाले स्टार सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर इमोशनल कहानी लेकर लौट रहे हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर लॉन्च मंगलवार को हुआ, जहां सनी ने फिल्म, अपनी मां और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी के साथ दोबारा काम करने को लेकर दिल की बात कही.

'ये फिल्म मेरी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित है'

Advertisement

68 साल के सनी देओल ने कहा कि उन्होंने 'बंटवारा 1947' अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित की है. उन्होंने बताया कि फिल्म में शबाना आजमी के साथ उनका रिश्ता बिल्कुल मां-बेटे जैसा महसूस हुआ.

ट्रेलर में सनी का एक डायलॉग सबसे ज्यादा चर्चा में है- मां को हिंदू-मुस्लिम में मत बांटिए... मां अपने आप में एक मजहब है. यही लाइन फिल्म के सबसे दमदार और इमोशनल मोमेंट्स में से एक मानी जा रही है.

29 साल बाद फिर साथ आए सनी देओल और राजकुमार संतोषी

सनी देओल ने डायरेक्टर राजकुमार संतोषी के साथ अपनी शानदार बॉन्डिंग का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों की सोच हमेशा से एक जैसी रही है.

उन्होंने कहा- राज और मैं जब साथ काम करते हैं तो कहानी, डायलॉग और सोच सब एक ही दिशा में चलते हैं. शूटिंग के दौरान हम एक-दूसरे को बेहतर करने की चुनौती देते हैं. कई-कई रीटेक होते हैं, लेकिन आखिर में नतीजा शानदार निकलता है.

Advertisement

सनी ने 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' जैसी सुपरहिट फिल्मों को याद करते हुए कहा कि लोगों के प्यार की वजह से ही उन्हें फिर से साथ काम करने का मौका मिला. उन्होंने भरोसा जताया कि आगे भी वह और राजकुमार संतोषी साथ फिल्में करेंगे.

1947 के बंटवारे की दर्दनाक कहानी दिखाएगी फिल्म

'बंटवारा 1947' भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौर की कहानी है. ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे हिंसा, डर और दंगों के बीच परिवार बिखर जाते हैं, लेकिन इंसानियत और उम्मीद का दामन नहीं छोड़ते.

फिल्म में शबाना आजमी एक मजबूत मां के किरदार में नजर आएंगी, जबकि प्रीति जिंटा अपने परिवार को बचाने की कोशिश करती दिखाई देंगी. फिल्म में सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इस फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है. संगीत ए.आर. रहमान का है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं.

कब रिलीज होगी?

देश के सबसे दर्दनाक इतिहास की पृष्ठभूमि पर बनी 'बंटवारा 1947' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त को रिलीज होगी. ट्रेलर को देखकर साफ है कि फिल्म सिर्फ बंटवारे की कहानी नहीं, बल्कि इंसानियत, मां के प्यार और रिश्तों की ताकत को भी बड़े पर्दे पर दिखाने वाली है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »