कभी सलमान खान संग रिश्ते में रहीं सोमी अली सालों बाद भी एक्टर पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ती हैं. सोमी ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें संगीता बिजलानी संग सलमान का रिश्ता तोड़ने का कोई मलाल नहीं है. सोमी की जिंदगी में आने से पहले सलमान और संगीता अफेयर में थे. उनकी शादी के कार्ड तक छप चुके थे. तभी सलमान सोमी के प्यार में पड़ गए थे. इस रिश्ते की भनक पड़ने पर संगीता ने सलमान को अल्टीमेटम दिया था.
सोमी का खुलासा
उस दौर को याद करते हुए सोमी ने विक्की लालवानी संग बातचीत में कहा- मैं विंध्यांचल में रहती थी. सलमान और मैं सुबह ब्रेकफास्ट कर रहे थे. तभी संगीता बिजलानी वहां पर आ गईं. उन्होंने हमें साथ देखा और सलमान को सीधा अल्टीमेटम दे दिया. उनसे कहा- या तो इसको चुनो या मुझे चुनो. वो उनका हक था, उन्होंने बिल्कुल सही किया. उसके बाद सलमान ने जो फैसला लेना था वो लिया. उनका और संगीता का ब्रेकअप हो गया. फिर संगीता की कहीं और शादी हो गई.
जब सोमी से पूछा गया क्या उन्हें सलमान-संगीता का रिश्ता टूटने का गिल्ट हुआ था? सोमी ने जवाब में कहा- नहीं, मुझे समझ ही नहीं आ रहा था मैं क्या कर रही हूं. आप सोचिए, कितनी लड़कियां होंगी जो सलमान पर मरती होंगी. कितनी लड़कियां अमेरिका से इंडिया आती हैं उनके साथ रहने के लिए? मैंने तो ऐसा किसी के साथ होते हुए नहीं सुना. लेकिन आज मैं मानती हूं कि मैंने गलत किया. मैंने एक रिश्ते को तोड़ा, मैं एक शादी तोड़ रही थी. लेकिन ताली तो दोनों हाथों से बजती है. हम हमेशा औरत को ही क्यों दोषी मानते हैं? आदमी का भी उतना ही हाथ होता है. मैंने ये नहीं कहा कि औरत हमेशा सही होती है. लेकिन सिर्फ उसे ब्लेम करना गलत है.
सोमी ने सलमान और अपने ऐज गैप पर बोलते हुए कहा कि वो तब 16 साल की थीं, उन्हें अक्ल नहीं थी. लेकिन सलमान 27 साल के थे. उनको तो अक्ल थी. वो कहती हैं- मैं ये सोच रही थी कि भगवान मेरे साथ है. मेरा सपना सच हो रहा है. मैं नई थी. मैंने 9वीं क्लास छोड़ी थी. मुझे इतनी समझ नहीं थी कि क्या कर रही हूं. अगर सलमान ने संगीता को नहीं छोड़ा होता तो मैं वापस चली जाती.
सोमी आज इंडिया से दूर अमेरिका में रहती हैं. अक्सर सलमान और उनके साथ रहे अब्यूसिव रिश्ते पर बात करती हैं. मगर सलमान ने आज तक पब्लिकली सोमी को जवाब नहीं दिया है.
aajtak.in