सलमान खान ने अपने बहुचर्चित ब्लैकबक (काला हिरण) केस पर बन रही एक अपकमिंग फिल्म 'काला हिरण' के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. एक्टर ने इस फिल्म पर तुरंत रोक लगाने की मांग करते हुए कोर्ट में याचिका दायर की है. सलमान खान का साफ कहना है कि फिल्म के मेकर्स उनके पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं. सलमान ने फिल्म के प्रोडक्शन से लेकर उसकी रिलीज और स्ट्रीमिंग तक पर पूरी तरह से रोक लगाने की गुहार लगाई है.
दरअसल सलमान खान ने दिल्ली हाई कोर्ट में सीपीसी (CPC) के ऑर्डर 39 नियम 1 और 2 के तहत एक अर्जी दाखिल की है. इस अर्जी के जरिए उन्होंने 'काला हिरण' नाम की फिल्म पर तुरंत प्रभाव से अंतरिम रोक (Interim Stay) लगाने की मांग की है. एक्टर ने कोर्ट को बताया कि यह फिल्म पूरी तरह से उनके साल 1998 के ब्लैकबक केस पर आधारित है और इसे बनाने के लिए मेकर्स ने उनकी कोई अनुमति नहीं ली है. इस मामले में अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, अक्षय पांडे और कुछ अन्य लोगों को पक्षकार बनाया गया है.
टीजर पोस्टर देखकर भड़के भाईजान
याचिका में सबसे बड़ा दावा फिल्म के पोस्टर और टीजर को लेकर किया गया है. सलमान खान का कहना है कि फिल्म के पब्लिसिटी मटीरियल में उन्हें साफ तौर पर पहचाना जा सकता है. 'काला हिरण' के पोस्टर में जो शख्स दिखाया गया है, वह बिल्कुल सलमान खान जैसा नजर आ रहा है और उसने हाथ में सलमान खान का मशहूर और आइकॉनिक ब्रेसलेट भी पहन रखा है.
कानूनी नोटिस को ठेंगा दिखाने का आरोप
सलमान खान के वकीलों ने अदालत को बताया कि फिल्म के मेकर्स इस हरकत को लेकर काफी समय से अड़े हुए हैं. मेकर्स पर आरोप लगाया गया है कि उन्हें अप्रैल 2026 में ही एक औपचारिक कानूनी नोटिस भेजा गया था, लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया और फिल्म का काम जारी रखा. यही नहीं, फिल्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पोस्ट्स में भी सलमान खान के नाम का खुलकर इस्तेमाल करके फिल्म को प्रमोट किया जा रहा है.
चल रहे केस पर पड़ सकता है बुरा असर
सलमान खान का तर्क है कि चूंकि ब्लैकबक से जुड़े मामले अभी भी कोर्ट में पेंडिंग हैं, ऐसे में इस तरह की फिल्म आने से चल रही कानूनी कार्यवाही और कोर्ट के ट्रायल पर बुरा असर पड़ सकता है. अर्जी में यह भी आरोप लगाया गया है कि मेकर्स फिल्म के बहाने सलमान के खिलाफ एक बदनामी भरा कैंपेन चला रहे हैं ताकि उनकी फिल्म को मुफ्त की पब्लिसिटी मिल सके.
एक्टर ने अदालत के सामने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि इस फिल्म और इसके प्रमोशन के तरीके से समाज में उनकी प्रतिष्ठा, इमेज और गुडविल को ऐसा नुकसान पहुंच रहा है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती. उन्होंने कोर्ट से गुहार लगाई है कि फिल्म के पोस्टर, टीजर और कास्टिंग से जुड़े किसी भी मटीरियल को लोगों के बीच शेयर या सर्कुलेट करने पर तुरंत पाबंदी लगाई जाए.
खुद फिल्ममेकर ने कबूली है बात
सलमान खान की टीम ने इस बात पर जोर दिया है कि खुद फिल्ममेकर ने मीडिया के सामने आकर यह बात खुलेआम स्वीकार की है कि यह फिल्म सलमान खान के उसी बहुचर्चित मामले पर आधारित है. अब इस पूरे विवाद पर दिल्ली हाई कोर्ट जल्द ही सुनवाई करेगा और यह तय करेगा कि फिल्म 'काला हिरण' की रिलीज और इसके प्रमोशन पर रोक लगाई जाए या नहीं.
अनीषा माथुर