रणबीर कपूर जल्द ही नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' में भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले हैं. जैसे ही फिल्म का टीजर रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर हलचल मच गई. किसी ने रणबीर के लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ की, तो कई लोगों ने उन्हें भगवान राम के रोल के लिए 'मिसफिट' बता दिया. अब इस पूरे विवाद पर रणबीर कपूर ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है.
'सबसे पहले यही सवाल आया- क्या मैं इस रोल के लायक हूं?'
हाल ही में 'रामायण' की टीम सैन डिएगो कॉमिक-कॉन पहुंची थी, जहां फिल्म का जोरदार प्रमोशन शुरू हुआ. इसी दौरान दिए एक इंटरव्यू में रणबीर से पूछा गया कि जब उन्हें भगवान राम का रोल ऑफर हुआ तो उनके मन में सबसे पहला ख्याल क्या आया?
इस पर रणबीर ने कहा- मेरे मन में सबसे पहला सवाल यही आया कि क्या मैं इस जिम्मेदारी के लायक हूं? क्या मैं सही इंसान हूं? मुझे ये मौका क्यों दिया गया? मैं सिर्फ भगवान राम का किरदार नहीं निभा रहा, बल्कि उन्हें पर्दे पर प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी निभा रहा हूं.
उन्होंने आगे कहा कि कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि ये सिर्फ एक रोल नहीं, बल्कि बहुत बड़ी जिम्मेदारी है.
'भगवान राम का कोई एक चेहरा नहीं होता'
रणबीर ने ट्रोलिंग और अपनी कास्टिंग पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भगवान राम का कोई तय चेहरा नहीं है. उन्होंने कहा- रामायण को देखने और सुनने वाले हर इंसान के मन में भगवान राम की अपनी अलग छवि होती है. इसलिए कुछ लोगों को लगेगा कि मैं इस रोल के लिए सही नहीं हूं, जबकि कुछ लोग कहेंगे कि मैं बिल्कुल सही हूं.
रणबीर ने आगे कहा- मेरे हिसाब से भगवान राम का किरदार वही एक्टर निभा सकता है, जिसकी नीयत साफ हो और जिसे भगवान राम की यात्रा और उनके आदर्शों पर विश्वास हो.
यश ने भी की रणबीर की जमकर तारीफ
फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे साउथ सुपरस्टार यश ने भी रणबीर की खूब तारीफ की. यश ने कहा- भगवान राम का किरदार निभाना बिल्कुल आसान नहीं है. रणबीर ने इस रोल के लिए बहुत मेहनत की है. जब लोग 'रामायण' देखेंगे, तो उन्हें भगवान राम का बेहद खूबसूरत और भावनाओं से भरा रूप देखने को मिलेगा.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को यश और नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं. करीब ₹4000 करोड़ के बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है.
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के साथ परशुराम की भूमिका में भी नजर आएंगे. वहीं साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, काजल अग्रवाल मंदोदरी और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में दिखेंगे. इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह, अनुपम खेर, अरुण गोविल और विवेक ओबेरॉय भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे.
फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क