2026 की सबसे बड़ी फिल्म रामायण का ग्रैंड ट्रेलर रिलीज हो चुका है. लंबे समय से इसका इंतजार था. ट्रेलर दमदार और भव्य है. एक मिनट के लिए आपकी नजरें नहीं हटने देगा. 4 मिनट 10 सेकंड का ये ट्रेलर इंटरनेट पर छाया हुआ है. महाकाव्य रामायण के सभी बड़े किरदारों की इसमें झलक दिखी है. रणबीर कपूर, यश, रवि दुबे, साई पल्लवी, अरुण गोविल...लेकिन बस हनुमान के रोल में सनी देओल मिसिंग है.
फैंस को खली सनी देओल की कमी
टीजर में भी सनी देओल की झलक नहीं दिखी थी. लेकिन आखिर में उनकी आवाज जरूर फैंस को सुनने को मिली थी. दर्शकों का मानना है टीजर में मेकर्स ने सनी की आवाज सुनाई है तो ट्रेलर में उनके हनुमान अवतार के दर्शन जरूर होंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ है. मेकर्स ने सनी की ना ही आवाज और ना ही उनके विजुअल दिखाए हैं. इससे फैंस जरूर अपसेट हो गए हैं. सोशल मीडिया पर फिल्म के ट्रेलर की सराहना हो रही है. लेकिन सनी की झलक ना दिखने पर लोगों की निराशा कमेंट्स में साफ देखने को मिल रही है.
एक यूजर ने कहा- अगर सनी की झलक इसमें दिखाई जाती तो ट्रेलर और अपीलिंग लग सकता था. दूसरे यूजर ने कहा- सनी की आवाज ही सुना देते. किसी ने लिखा- सनी के बिना ये ट्रेलर अधूरा सा लगता है. शख्स कहता है- अगर राम-रावण को दिखा दिया तो हनुमान की भी एक झलक इस ट्रेलर में डाल देते तो ट्रेलर मास हो जाता. अब उम्मीद है फिल्म में सनी की झलक फैंस को देखने को मिले.
ये फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज होगी. मूवी में अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, शीबा चड्ढा, रवि दुबे भी अहम रोल में दिखेंगे. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म ग्लोबली डंका बजाने वाली है. इसके प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा हैं. म्यूजिक एआर रहमान और हान्स जिमर ने दिया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क