भारत और अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क के बीच भारी विवाद चल रहा है. मस्क अपनी स्टारलिंक कंपनी को भारत में लाना चाहते हैं, जो दरअसल सैटलाइट के जरिए इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराती है. मगर ऐसा हो नहीं पा रहा है. मस्क ने X पर आरोप लगाते हुए कहा कि अंबानी परिवार के कारण उनकी कंपनी देश में प्रवेश नहीं कर पा रही है. मस्क के आरोपों पर कई लोगों का गुस्सा फूटा था. कमल हासन ने उन्हें मुंह तोड़ जवाब भी दिया था.
मस्क का स्टारलिंक विवाद हुआ गहरा
एलन मस्क का स्टारलिंक विवाद इस समय इतना सुर्खियों में है कि इसपर हर कोई अपना रिएक्शन देता दिख रहा है. अब एक्टर कुणाल कपूर ने भी मस्क के विवाद पर कुछ लिखा है. X पर उन्होंने एक लंबा नोट शेयर किया, जिसमें वो इस पूरे मामले पर तंज कस रहे हैं. उनका कहना है- इस हफ्ते एलन मस्क को देखना पश्चिमी टेक अरबपतियों की ‘सेवियर कॉम्प्लेक्स’ वाली सोच को समझने जैसा रहा.
'ऐसे लोग किसी देश में आते हैं और वहां के लोगों को भविष्य और तरक्की का सपना दिखाते हैं. अगर देश उन्हें स्वीकार कर ले तो वो देश प्रोग्रेसिव कहलाता है. लेकिन अगर वही देश उन्हें थोड़ा इंतजार करने को कहे, तो अचानक वहां के लोग ऐसे दिखाए जाने लगते हैं जैसे उन्हें अपनी ही संस्थाओं से बचाने के लिए किसी ‘मसीहा’ की जरूरत हो.'
कुणाल ने मस्क को घेरा
कुणाल ने अपने नोट में एलन मस्क से जुड़े पुराने विवादों का भी जिक्र किया. उन्होंने 2018 में थाईलैंड की एक रेस्क्यू ऑपरेशन का उदाहरण दिया. उस वक्त 12 बच्चे और उनके कोच एक गुफा में फंस गए थे. एलन मस्क ने वहां एक छोटी पनडुब्बी भेजने की पेशकश की थी, लेकिन रेस्क्यू टीम ने उसका इस्तेमाल नहीं किया. इसके बाद मस्क नाराज हो गए थे और उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल ब्रिटिश गोताखोर वर्नन अन्सवर्थ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.
कुणाल ने ब्राजील का भी उदाहरण दिया. 2024 में ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को देशभर में सस्पेंड करने का आदेश दिया था, क्योंकि प्लेटफॉर्म कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं कर रहा था. कुणाल ने कहा कि इन दोनों मामलों में एक पैटर्न नजर आता है. उनके मुताबिक, जब किसी देश ने मस्क की मदद स्वीकार नहीं की या उनके हिसाब से काम नहीं किया, तो उन्होंने उस देश या वहां के लोगों पर ही सवाल उठाए.
उन्होंने लिखा- स्क्रिप्ट शायद ही कभी बदलती है, सिर्फ देश बदल जाता है. कोलोनियल माइंडसेट का मतलब हमेशा किसी देश पर शासन करने की इच्छा नहीं होती. कई बार इसका मतलब यह मान लेना भी होता है कि आप किसी देश में उसके उद्धारक बनकर पहुंचे हैं. और अगर वो देश आपको तुरंत अपना उद्धारक नहीं मानता, तो आपको लगता है कि गलती देश में ही है.
बात करें कुणाल कपूर की, तो वो अमिताभ बच्चन के दामाद हैं. उनकी शादी अमिताभ के छोटे भाई अजिताभ बच्चन की बेटी नैना से हुई थी. कुणाल बॉलीवुड की कई फिल्मों में काम कर चुके हैं, और अभी भी कर रहे हैं. वो जल्द नमित मल्होत्रा की रामायण में इंद्रदेव का रोल निभाते नजर आएंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क