इंडिया की सबसे पसंदीदा सीरीज में से एक 'पंचायत' को रिलीज हुए आज 6 साल पूरे हो गए हैं. 3 अप्रैल 2020 को ये शो प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हुआ था और इसने तूफान उठा दिया था. ऐसे में मेकर्स और फैंस जश्न मना रहा है. इस खास मौके पर 'पंचायत' मेकर्स ने ऑफिशियल तौर पर सीरीज के सीजन 5 की शूटिंग शुरू होने का ऐलान कर दिया है. इसी के साथ शो के BTS फोटोज भी शेयर किए गए हैं, जिनमें कलाकारों को मेहनत और मस्ती करते देखा जा सकता है.
2020 में अपनी शुरुआत के बाद से, 'पंचायत' लगातार इंडिया की सबसे चहेती सीरीज में से एक बनी हुई है. हर सीजन के साथ इसने लोगों का दिल जीता है. खासकर सीजन 4 ने दर्शकों को इस कदर बांधे रखा जैसा पहले कभी नहीं देखा गया था. रिलीज के पहले ही दिन सीजन 4 अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम और यूएई समेत 42 से ज्यादा देशों में 'टॉप 10' टाइटल्स में ट्रेंड कर रहा था. फैंस के इसी बेमिसाल प्यार ने नए सीजन को लाने के जोश को और बढ़ा दिया है. 'पंचायत' सीजन 5 एक बार फिर दर्शकों का दिल छू लेने वाली कहानी और बेहतरीन परफॉरमेंस के साथ एक शानदार सफर का वादा करता है.
क्या होगा पंचायत सीजन 5 में?
'पंचायत' सीजन 4 के जबरदस्त क्लाइमेक्स के बाद फैंस बेसब्री से फुलेरा की कहानी के आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं. पिछला सीजन वहां खत्म हुआ था जहां सचिव जी अपने कैट (CAT) रिजल्ट के बाद अगला कदम तय कर रहे थे. मंजू देवी पंचायत चुनाव में मिली हार के झटके से उबरने की कोशिश कर रही थीं. और प्रधान जी इस नतीजे से पूरी तरह हिल गए थे. सीजन 5 अब इसी तनावपूर्ण मोड़ से आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसमें फुलेरा स्टाइल के ह्यूमर, ड्रामा और दिल छू लेने वाले पलों के साथ कई नए ट्विस्ट और टर्न्स देखने को मिलेंगे.
द वायरल फीवर (TVF) के प्रोडक्शन में तैयार हो रहा 'पंचायत' सीजन 5 सभी का दिल खुश कर देगा. इसको दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार ने मिलकर क्रिएट किया है. चंदन कुमार ने इसे लिखा भी है. दीपक कुमार मिश्रा ने इसे डायरेक्ट भी किया है. इस सीजन में जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार और पंकज झा एक बार फिर साथ नजर आएंगे.
हर नए सीजन के साथ यह सीरीज न केवल दर्शकों के साथ अपना रिश्ता मजबूत कर रही है, बल्कि उन्हें फुलेरा गांव की दुनिया में और भी गहराई से ले जा रही है. भारत के दिल में बसा यह छोटा-सा काल्पनिक गांव अब एक ग्लोबल कल्चरल फेनोमेनन बन चुका है. गांव की सादगी से शुरू हुई यह कहानी अब सीमाओं को पार कर गई है और अपनी स्थानीय पहचान को बरकरार रखते हुए दुनियाभर के करोड़ों लोगों के दिलों को छू रही है. तो अब आप भी फुलेरा वापस आने की तैयारी शुरू कर लीजिए.
aajtak.in