बीता वीकेंड इंडियन फिल्म फैंस के बदलते स्वाद की नई तस्वीर लेकर आया. फिल्मों में लगातार नए एक्सपेरिमेंट के लिए तैयार इंडियन ऑडियंस, हॉलीवुड फिल्मों के लिए खूब थिएटर्स तक पहुंच रही है. लेकिन बॉलीवुड फिल्में दर्शकों को खींचने में फेल ज्यादा हो रही हैं.
शुक्रवार को थिएटर्स में बॉलीवुड की सबसे बड़ी रिलीज, वरुण धवन स्टारर है जवानी तो इश्क होना है थी. सबसे ज्यादा शोज मिलने के बावजूद इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस काफी कमजोर नजर आया. जबकि एक हफ्ते पुरानी हॉलीवुड हॉरर फिल्म ऑब्सेशन का शुक्रवार से दूसरा हफ्ता शुरू हो गया. मगर वरुण की फिल्म के मुकाबले करीब एक चौथाई शोज के साथ ऑब्सेशन इसके कलेक्शन को मैच करती नजर आई.
वरुण धवन की फिल्म ने शुक्रवार को 7.50 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन के साथ खाता खोला. सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि है जवानी तो इश्क होना है को पहले दिन 9000 से ज्यादा शोज के साथ ओपनिंग मिली. इस फिल्म के रिव्यूज भी नेगेटिव रहे और वर्ड ऑफ माउथ भी बहुत अच्छा नहीं रहा. इसलिए शनिवार को भी फिल्म की कमाई में कोई खास जंप नहीं आया और कलेक्शन फिर से 7.50 करोड़ रुपये ही रहा.
संडे को 20% के मामूली जंप के साथ कलेक्शन 9 करोड़ रुपये तक पहुंचा, और पहले वीकेंड में है जवानी तो इश्क होना है ने कुल 24 करोड़ रुपये का वीकेंड कलेक्शन किया. जबकि संडे तक फिल्म को 8600 से ज्यादा शोज मिले. इसके मुकाबले ऑब्सेशन का कलेक्शन बताता है कि इंडियन जनता नए कंटेंट की आस में कैसे हॉलीवुड की तरफ झुकती जा रही है.
शुक्रवार, 29 मई को ऑब्सेशन 1000 से भी कम शोज के साथ इंडिया में रिलीज हुई थी. जनता का रिस्पॉन्स ऐसा रहा कि बीते गुरुवार तक इसके शोज बढ़कर 1900 के करीब पहुंच गए. पहले दिन 1.75 करोड़ रुपये कमाने वाली ऑब्सेशन, 7वें दिन तक 3 करोड़ रुपये कलेक्शन कर रही थी. शुक्रवार को नई फिल्मों की बाढ़ आई तो इसके शोज घटकर 1500 के आसपास रह गए, मगर भीड़ ऐसी बढ़ी कि कलेक्शन कूदकर 3.30 करोड़ रुपये जा पहुंचा.
डिमांड देखकर थिएटर्स ने शनिवार को 2200 से ज्यादा शोज दिए तो कमाई 6.75 करोड़ रुपये पहुंच गई, यानी शुक्रवार के दोगुने से ज्यादा. और संडे को ऑलमोस्ट 2800 शोज मिलने पर ऑब्सेशन का कलेक्शन 7.50 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो शुक्रवार-शनिवार को करीब 9000 शोज के साथ 7.5 करोड़ रुपये कमाने वाली है जवानी तो इश्क होना है के बराबर है.
पहले वीकेंड में ऑब्सेशन का इंडिया कलेक्शन 7.75 करोड़ रुपये था, और दूसरे वीकेंड में डबल से ज्यादा बढ़कर 17.55 करोड़ रुपये हो गया. जहां बॉलीवुड फिल्म है जवानी तो इश्क होना है जमकर शोज मिलने के बावजूद पहले वीकेंड में डगमगाती दिखी, वहीं ऑब्सेशन दूसरे वीकेंड में, पहले वीकेंड के मुकाबले कहीं ज्यादा तगड़ी नजर आई.
अपने हिस्से आए लिमिटेड शोज से ही ऑब्सेशन इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 10 दिन में 36 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी है. जबकि मुंबईया फिल्म है जवानी तो इश्क होना है भरपूर शोज के बावजूद पहले वीकेंड में केवल 24 करोड़ रुपये कमा पाई है.
वरुण की फिल्म के पास कम भीड़ बटोरने का कोई बहाना नहीं हो सकता, सिवाय इसके कि दर्शकों को अब प्राचीन हिंदी फिल्म स्टाइल ह्यूमर नहीं अपील करता. उन्हें फिल्मों का ये स्टाइल और अंदाज बिल्कुल नहीं भा रहा, जबकि हॉलीवुड और दूसरी इंडियन फिल्म इंडस्ट्रीज से उन्हें धांसू ऑप्शन मिल रहे हैं.
सुबोध मिश्रा