नए कलाकारों और प्रोडक्शन हाउस की फिल्म कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम थिएटर्स में कमाल कर रही है. बिना खास प्रचार के लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज हुई ये फिल्म थिएटर्स में अच्छी ऑडियंस बटोर रही है. विजुअल्स, गानों और प्रेजेंटेशन से इंप्रेस कर रही कृष्णावतारम पसंद तो की जा रही है, लेकिन इसका बजट भी एक लिमिटेड रिलीज के हिसाब से अच्छा-खासा है. AajTak.in से एक खास बातचीत में कृष्णावतारम के डायरेक्टर हार्दिक गज्जर ने बताया कि फिल्म का प्रोडक्शन बजट 80 करोड़ रुपये है.
लिमिटेड स्क्रीन्स के हिसाब से तो कृष्णावतारम का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सॉलिड है, लेकिन बजट के हिसाब से कलेक्शन के लिए इसे अभी बहुत आगे जाना होगा. मेकर्स ने अनाउंस किया था कि इस कृष्ण कथा को वो तीन पार्ट्स में लेकर आ रहे हैं. लेकिन अगर पहले पार्ट का बॉक्स ऑफिस बिजनेस उम्दा नहीं रहा तो आगे क्या? हार्दिक ने हमें बताया है कि वो कृष्णावतारम पार्ट 2: मनः पर काम शुरू कर चुके हैं.
भगवान कृष्ण की कहानी कहना पहली प्राथमिकता
कृष्णावतारम के डायरेक्टर हार्दिक गज्जर ने हमें बताया कि हर डायरेक्टर की तरह बिजनेस पर वो भी नजर रख रहे हैं. लेकिन उन्हें कमजोर बिजनेस का कोई डर नहीं है.
'ये कहानी मैंने आने वाली पीढ़ी के सामने बड़े पर्दे पर भगवान कृष्ण की कहानी रखने के लिए बनाई है. ये चलेगी नहीं भी, तो एक डॉक्यूमेंट बनकर दर्ज होगी. और कुछ भी नहीं होगा, तो कम से कम आने वाले वक्त में शायद किसी के लिए इस बात की ही प्रेरणा बन जाए कि कृष्ण कथा कैसे स्क्रीन पर लानी है, क्योंकि बड़े पर्दे पर भगवान कृष्ण की कहानी इस तरह से बहुत ज्यादा बार कही नहीं गई. ये कल को अगर 10 लोगों को भी याद रही, तो मेरा मकसद पूरा हो जाएगा,' हार्दिक ने कहा.
पर अगर पहले पार्ट का बिजनेस कमजोर हुआ तो क्या इससे दूसरे पार्ट को हरी झंडी मिलने में कोई समस्या नहीं होगी? इसके जवाब में हार्दिक ने कहा, 'मेरी फिल्म की रिलीज लिमिटेड थी, इसमें कोई बड़ा स्टार नहीं है, बॉलीवुड का कोई बड़ा नाम इससे नहीं जुड़ा है. टेक्निकली ये छोटी फिल्म ही है. अभी हमारी ओटीटी डील बाकी है. दूसरे हफ्ते में हमें कलेक्शन बढ़ने की उम्मीद है. हो सकता है कि ये फिल्म न चले और अगले पार्ट के लिए बजट कम मिले. लेकिन मैं कृष्ण की कहानी अधूरी नहीं रख सकता. दूसरा पार्ट जरूर बनेगा, भले मुझे स्केल छोटा रखना पड़े.'
हार्दिक कृष्णावतारम के अगले पार्ट की राइटिंग शुरू कर चुके हैं. स्क्रिप्ट तैयार करने में उन्हें एक-डेढ़ साल लगने की उम्मीद है. हार्दिक को उम्मीद है कि कृष्णावतारम पार्ट 2 अगले साल के अंत तक फ्लोर्स पर होगी.
सुबोध मिश्रा