शुक्रवार से शुरू हुए वीकेंड में इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 6 नई फिल्मों की बरसात हुई— चार बॉलीवुड से, दो हॉलीवुड से. मगर जनता का फैसला ऐसी चीज है जिसका सही आइडिया लगा पाना शायद भगवान के अलावा और किसी के बस की बात नहीं! इस फिल्मों के महाक्लैश में वो फिल्म विनर साबित हुई, जिससे किसी को कोई उम्मीद नहीं थी— हॉन्टेड 3डी: ईकोज ऑफ पास्ट (Haunted 3D: Echoes Of Past), जिसे फैन्स 'हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स' भी कह रहे हैं.
राज (2002) और 1920 (2008) जैसी हॉरर फिल्में बना चुके डायरेक्टर विक्रम भट्ट ने 2011 में 'हॉन्टेड 3डी' बनाई थी. अपने बजट से ऑलमोस्ट दो गुना नेट कलेक्शन करने वाली यह फिल्म बड़ी सरप्राइज हिट साबित हुई थी. हॉरर फिल्मों के प्यार में हॉलीवुड की तरफ खूब देख रहे फैन्स, काफी समय से इसके सीक्वल की डिमांड कर रहे थे.
फाइनली जब इसका सीक्वल 'हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स' अनाउंस हुआ तो फैन्स काफी खुश नजर आए. लेकिन जब ट्रेलर आया तो इस फिल्म को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया क्योंकि इसके विजुअल्स AI से बने हुए लग रहे थे. शुक्रवार को फिल्म रिलीज हुई, तो इसके रिव्यूज में भी इन AI विजुअल्स की खूब आलोचना हुई. फिल्म में किसी बड़े स्टार का नाम भी नहीं है. इसके हीरो मिथुन चक्रवर्ती के बेटे महाक्षय उर्फ मिमोह हैं और लीड एक्ट्रेस चेतना पांडे न्यूकमर हैं. मगर जनता तो जनता है... एडवांस बुकिंग में ही 'हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स' को ऐसा रिस्पॉन्स मिला कि थिएटर्स ने इसके शोज बढ़ा दिए. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि शुक्रवार को इसे 2900 से ज्यादा शोज मिले थे, सातों नई फिल्मों में सबसे ज्यादा.
शुक्रवार को 'हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स' ने 2.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. यह शनिवार को जंप के साथ 3.25 करोड़ रुपये हो गया और संडे को फिर से बढ़कर 3.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. संडे को इसके शोज की गिनती 4100 से भी ज्यादा रही. नेगेटिव रिव्यूज और लगातार ट्रोलिंग के बावजूद 'हॉन्टेड 3डी' ने वीकेंड में 9.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और शुक्रवार के महाक्लैश की विनर साबित हुई. बाकी 5 फिल्मों के वीकेंड कलेक्शन (नेट इंडिया) कुछ इस तरह रहे:
मैं वापस आऊंगा- 5.50 करोड़ रुपये
भारत भाग्य विधाता- 4.25 करोड़ रुपये
गवर्नर- 3.45 करोड़ रुपये
डिस्क्लोज़र डे- 6.40 करोड़ रुपये
बैकरूम्स- 3.45 करोड़ रुपये
'हॉन्टेड 3डी' को वीकेंड में सीक्वल होने का तगड़ा फायदा मिला है और जनता ने इसी वजह से इस पर विश्वास दिखाया है. हालांकि नेगेटिव रिव्यूज का नुकसान फिल्म पर अब नजर आ सकता है. देखना है कि मंडे से विक्रम भट्ट की इस हॉरर फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर क्या हाल रहता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क