90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा कई सालों से पर्दे से दूर हैं. हालांकि, फिल्मों से दूर होने के बावजूद उनके स्टारडम में कमी नहीं आई है. वो जहां खड़े हो जाते हैं, लाइन लगनी शुरू हो जाती है. गोविंदा वो स्टार हैं जिन्होंने अपने डुप्लीकेट का भी घर बना दिया. हां... हां बिल्कुल सही सुना आपने. आपने कई बार गोविंदा के हमशक्ल को देखा होगा. पर शायद ही उन्हें करीब से जानने का मौका मिला हो. गोविंदा के हमशक्ल का नाम दीपक उत्वल है, जिसे जूनियर गोविंदा के नाम से भी जाना जाता है. एक इंटरव्यू में दीपक ने निजी जिंदगी को लेकर कई बातें शेयर कीं.
क्या बोले गोविंदा के हमशक्ल
दीपक से पूछा गया कि गोविंदा का हमशक्ल बन लिया. अब आगे क्या. क्या आपको नहीं लगता कि मुझे आगे खुद का कुछ करना चाहिए. इस पर वो कहते हैं कि जिस बंदे ने गोविंदा जी का हमशक्ल बनकर 25 से 30 साल निकाल दिए. अभी आगे और क्या करेंगे. क्या करना चाहेंगे. अभी यही करके हमने घर बना लिए. बच्चे पल गए. अब और क्या चाहिए.
दीपक उत्वल ने साफ कर दिया कि गोविंदा का हमशक्ल बनकर उन्हें दौलत और कामयाबी मिली. वो इससे बढ़कर कुछ नहीं चाहते. दीपक, गोविंदा के साथ मूवीज में भी काम कर चुके हैं. उन्हें इवेंट और लोकल शोज के लिए बुलाया जाता है. दीपक और गोविंदा जब साथ खड़े होते हैं, तो रियल हीरो नंबर 1 को पहचानना मुश्किल हो जाता है. दीपक के लुक्स, चाल-ढाल और पहनावा हुबहू गोविंदा की तरह है.
दीपक पिछले 30 सालों से गोविंदा का हमशक्ल बन अपना घर चला रहे हैं और उन्हें ये काम करके खुशी मिलती है. वो इंस्टाग्राम पर भी एक्टिव हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 421 हजार फॉलोअर्स हैं. दीपक का सोशल मीडिया देखकर पता चलता है कि वो गोविंदा बनकर अपनी लाइफ खूब एंजॉय कर रहे हैं. उनके वीडियो दिल खुश करने वाले होते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क