दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का पेपर लीक मामले में प्रोटेस्ट जारी है. सोमवार को CJP ने संसद चलो मार्च का आयोजन किया था. इस दौरान काफी बवाल हुआ. पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बल का प्रयोग किया. आंसू गैस के गोले छोड़े.
अभिजीत दिपके का कहना है मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. शबाना आजमी और प्रकाश राज भी इस मूवमेंट से जुड़े. कई सेलब्स ने छात्रों के प्रोटेस्ट का समर्थन किया है. अब एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ ने भी रिएक्ट किया है.
दिलजीत की पोस्ट वायरल
दिलजीत दोसांझ ने इंस्टा पोस्ट लिखकर CJP आंदोलन के तहत प्रदर्शन कर रहे छात्रों को अपना सपोर्ट दिया है. एक्टर के मुताबिक, छात्रों की बातों को सुना जाना चाहिए. इसके लिए वो एंटी नेशनल भी कहलाए जाने के लिए तैयार हैं. इंस्टाग्राम स्टोरी में दिलजीत ने लिखा- आज जो हुआ बहुत गलत हुआ. छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए था. मैं अधिकारियों से अपील करता हूं कि वे छात्रों की मांगों को सुनें.
''लोगों की आवाज ही रब की आवाज होती है. मुझे पहले भी कई बार एंटी-नेशनल कहा जा चुका है. अब भी मुझे एंटी-नेशनल कहा जाएगा. किसान आंदोलन के बाद मुझे काफी आलोचना और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिनके बारे में मैं आज भी खुलकर बता नहीं सकता. बाकी तो रब देख रहा है, बाबा सब अच्छा करेंगे.''
क्या है विवाद?
सारा विवाद NEET-UG 2026 मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम पेपर लीक और OMR शीट में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर है. कॉकरोच जनता पार्टी छात्रों के साथ मिलकर पिछले कई दिनों से दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रोटस्ट कर रही है. इस आंदोलन की शुरुआत 16 मई को CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने की थी. 28 जून को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर CJP के धरने में शामिल हुए. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर वो अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे. वांगचुक की बिगड़ती सेहत देखकर उन्हें जबरन जंतर मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया.
CJP के प्रोटेस्ट को कई सेलेब्स का समर्थन मिला है. शबाना आजमी, सोनाक्षी सिन्हा, हुमा कुरैशी, भूमि पेडनेकर, दिया मिर्जा, अनुराग कश्यप, शिल्पा राव समेत कई सितारों ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क