'धुरंधर 2' कुछ ही घंटों में जनता जनार्दन के सामने होगी. जसकीरत सिंह रांगी के बदले की आग थिएटर्स धुआं-धुआं करती नजर आएगी. दिसंबर 2025 में 'धुरंधर' के साथ ही मेकर्स ने 'धुरंधर 2' के लिए 19 मार्च रिलीज डेट अनाउंस कर दी थी. यानी टेक्निकली मात्र साढ़े तीन महीने के ही अंतर पर आ रहा ये सीक्वल, सबसे जल्दी आ रहे सीक्वल्स में से एक है.
फिर भी ऐसी फीलिंग आ रही है कि 'बड़ा लंबा इंतजार करवा दिया आदित्य धर भाई!' वो इसलिए कि लोग दिसंबर से ही 'धुरंधर' की कहानी में ही फंसे हुए हैं. पहली फिल्म देख चुका हर आदमी 'आगे क्या होगा' देखने के लिए उतावला है. और इस उतावलेपन की वजह वो उलझे हुए पेंच हैं, जो 'धुरंधर 2' में सुलझने वाले हैं.
1. जसकीरत सिंह रांगी की ऑरिजिन स्टोरी
'धुरंधर' में रणवीर सिंह का इंट्रो हमजा अली मजारी के नाम से हुआ था. बलोचिस्तान से आया लड़का रहमान डकैत की गैंग में घुसकर उसी के कान काट रहा है. मगर ये सब इंडिया के 'मिशन धुरंधर' का हिस्सा था, ये शुरू से समझा दिया गया था. फिल्म के अंत में खुलासा हुआ था कि रणवीर का किरदार का असली नाम जसकीरत सिंह रांगी है.
'धुरंधर 2' के टीजर-ट्रेलर में नजर आई जसकीरत की झलक भर से ही लोग उसकी कहानी देखने का इंतजार कर रहे हैं. उसकी कहानी का कनेक्शन पंजाब में 90s में हुई हिंसा से नजर आ रहा है. जसकीरत के साथ ऐसा क्या हुआ था जिसने उसे इतना खूंखार बना दिया कि वो मिशन धुरंधर के लिए परफेक्ट 'किलिंग मशीन' बन गया? जसकीरत की कहानी 'धुरंधर 2' देखने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है.
2. किंग ऑफ ल्यारी— हमजा अली मजारी
'धुरंधर' में बहुत लोगों को रणवीर सिंह का भौकाल बाकी एक्टर्स के सामने इसलिए थोड़ा फीका लग रहा था क्योंकि उनके कैरेक्टर हमजा को रहना ही कम लाइमलाइट में था. वो रहमान डकैत का गुर्गा बनकर पर्दे के पीछे से ही खेल रहा था. अब रहमान डकैत नहीं है. हर दर्शक को पता है कि 'मिशन धुरंधर' तभी पूरा होगा जब हमजा किंग ऑफ ल्यारी बनेगा. अभी हमजा के रास्ते में उजैर बलोच, अरशद पप्पू, पूरा पठान गैंग और मेजर इकबाल हैं.
और असलम चौधरी भी उसकी ताक में होगा! ये हमजा अली मजारी के धमाका करने का वक्त है और इस धमाके के लिए रणवीर जो एनर्जी दिखाने वाले हैं, उसे इमेजिन करके ही कितने लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे होंगे!
3. बड़े साहब की KYC
'धुरंधर' में अधूरा छूटा सबसे बड़ा सवाल यही है कि बड़े साहब कौन है? अभी तक बस हवाओं में इस किरदार का जिक्र मिला है. चौधरी असलम जब ल्यारी की हाउसकीपिंग नहीं कर रहा था, तब बड़े साहब का चेला था. मेजर इकबाल भी बड़े साहब को सलाम करता है. पहली फिल्म में गायब रहा ये किरदार 'धुरंधर 2' में सामने आएगा. जैसे बैंक आपकी पहचान पक्की करने के लिए KYC (Know Your Customer) के फॉर्म भरवाते रहते हैं, वैसे ही 'धुरंधर 2' में आदित्य धर करवाएंगे बड़े साहब की KYC— Know Your Character!
4. तेरा क्या होगा यलीना!
जमील साहब की बेचारी बच्ची यलीना (सारा अर्जुन) का इस्तेमाल, मुस्टंडे हमजा ने कैसे किया है ये तो 'धुरंधर' में सबने देखा. लेकिन बहुत सारे दर्शकों को अब ये जिज्ञासा है कि जब 'धुरंधर 2' में हमजा अपना मिशन पूरा करने के जुनून में आएगा, तो यलीना का क्या होगा? ट्रेलर में यलीना का बंदूक ताने हुए एक जानदार सीन है. क्या यलीना को ही हमजा की पहचान पता चल गई है?
अगर यलीना को सब पता भी है तो दो चॉइस हैं— वो अपने प्यार और पिता के पॉलिटिकल फायदे के लिए सब जारी रहने दे सकती है. और अगर यलीना की पाकिस्तान के लिए मुहब्बत ज्यादा भारी निकली तो सब जानते हैं कि अंजाम अच्छा नहीं होने वाला! यलीना का फ्यूचर भी 'धुरंधर 2' में ही खुलने वाला है.
5. मेजर इकबाल वर्सेज हमजा
अर्जुन रामपाल का मेजर इकबाल 'धुरंधर' का पहला ट्रेलर आने के बाद से ही शैतान का दूत माना जा रहा था. उसकी हैवानियत की एक झलक भर से कई लोगों को आंखें बंद करनी पड़ी थीं. लेकिन पिछली बार वो डायरेक्ट हमजा के मिशन का हिस्सा नहीं था, इसलिए दोनों में सीधी टक्कर नहीं हुई. पर 'धुरंधर 2' में इकबाल साहब मेजर विलेन होने वाले हैं.
इंसान के जिस्म से खयाल नोचने के नए-नए तरीके खोजने वाले मेजर इकबाल ट्रेलर में ही हमजा से गुत्थमगुत्था नजर आए. आगे क्या होने वाला है ये सोचकर ही थ्रिल आ रहा है. मेजर इकबाल कैसे हमजा से निपटेगा, और हमजा कैसे मेजर इकबाल का सफाया करेगा, ये फिल्म का सबसे इंटरेस्टिंग मुद्दा होने वाला है.
बोनस— ल्यारी टू उरी एक्सप्रेसवे!
'धुरंधर' के लीड किरदार जसकीरत सिंह का नाम 'उरी' में नोटिस होना बहुत बड़ी फैन थ्योरी की जड़ है. 'उरी' में कैप्टन सीरत कौर ने अपने पति का नाम जसकीरत बताया था. पाकिस्तान में हमजा बनकर 2004 में दाखिल हुए जसकीरत के पीछे 'धुरंधर 2' में गाना चल रहा है— 'बारी बरसी खटन गया सी'. ये गाना 12 साल परदेस में रहने की बात करता है. हमजा के पाकिस्तान में घुसने से 12 साल जोड़ें तो 2016 होता है, जो 'उरी' हमले का साल था.
दोनों फिल्में आदित्य धर ने डायरेक्ट की हैं. इसलिए प्रोडक्शन हाउस अलग होने के बावजूद वो अपने बनाए किरदारों का यूनिवर्स खड़ा कर सकते हैं. 'धुरंधर 2' में कभी विक्की कौशल, तो कभी यामी गौतम के कैमियो की खबरें आती रही हैं. क्या 'धुरंधर' के दोनों पार्ट और 'उरी' का कनेक्शन बैठेगा? ये सवाल 'धुरंधर 2' का टिकट बुक कर रहे हर दर्शक के दिमाग में है.
आदित्य धर ने प्रीव्यू शुरू होने से पहले जनता से रिक्वेस्ट कर दी है कि स्पॉइलर न बांटें और क्रेडिट्स पूरी तरह खत्म होने तक सीट न छोड़ें. ये अपने आप में बहुत बड़ा हिंट है कि जनता के मन में उठ रहे इस बड़े सवाल का उन्होंने तगड़ा जवाब फिल्म में छोड़ा है. 'धुरंधर 2' के लिए थिएटर्स तक जाने की बहुत सारी वजहें जनता के पास हैं. और अब बस ये देखना है कि फिल्म दर्शकों की इस भूख को आदित्य कितना तृप्त कर पाते हैं.
सुबोध मिश्रा