बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत और CJP नेता व प्रवक्ता सौरव दास के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. कंगना के इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्हें बेकार और बेरोजगार कहने के कुछ दिनों बाद सौरव का रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने एक्ट्रेस पर पलटवार किया है.
कंगना की बातों पर रिएक्शन देते हुए CJP नेता ने 'मोजो स्टोरी' पर एक इंटरव्यू में कहा कि उनके दोस्त हैरान थे कि कंगना उन्हें निशाना बना रही थीं और उन्होंने इसके पीछे की वजह पर मज़ाक भी किया. उन्होंने कहा, 'मेरे एक दोस्त ने कहा कि शायद वह मेरी जान के पीछे पड़ी हैं, क्योंकि मैं थोड़ा-बहुत युवा ऋतिक रोशन जैसा दिखता हूं.'
सौरव ने आगे कहा कि उनके मन में कंगना के खिलाफ कोई निजी बात नहीं है और उन्होंने उनसे निजी हमले करने के बजाय बातचीत करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, 'इस देश में समस्या यह है कि लोग अब बात नहीं करते. चर्चा और बहस कम हो गई है. हमें एक-दूसरे से मर्यादा के साथ बात करनी चाहिए.'
क्या कंगना और ऋतिक रोशन के विवाद की ओर इशारा?
सौरव दास की टिप्पणी से ऐसा लगा जैसे वह कंगना और ऋतिक रोशन के बीच लंबे समय से चल रहे सार्वजनिक विवाद की ओर इशारा कर रहे थे. 2016 में बॉलीवुड के सबसे बड़े विवादों में से एक के केंद्र में ये दोनों थे, जब कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक को "सिली एक्स" (बेवकूफ पूर्व प्रेमी) कहा था. ऋतिक ने इस बात से इनकार किया कि वे कभी रिश्ते में थे, जिसके बाद कानूनी नोटिस, सार्वजनिक बयानों और कथित ईमेल सामने आए. यह विवाद महीनों तक सुर्खियों में रहा और इंडस्ट्री के सबसे चर्चित विवादों में से एक है.
सौरव दास ने 'जेन जी' (Gen Z) के खिलाफ कंगना की टिप्पणियों की भी आलोचना की और कहा कि उन्हें अपने शब्दों का चुनाव अधिक सावधानी से करना चाहिए. उन्होंने कहा, 'मैं बस इतना कहूंगा कि अपने शब्दों का ध्यान रखें. ये शब्द किसी ऐसे व्यक्ति के नहीं लगते जो मानसिक रूप से स्थिर हो. देश की भावी पीढ़ी के बारे में बोलने से पहले सोचें. आखिरकार, लोगों का इस तरह अपमान नहीं किया जा सकता.'
सौरव दास का कहना है कि कंगना के खिलाफ उनके मन में कोई दुर्भावना नहीं है. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कंगना से मिलेंगे अगर वह उन्हें कॉफी के लिए बुलाती हैं? तो सौरव ने कहा कि उनके मन में उनके या बीजेपी नेताओं के खिलाफ कोई द्वेष नहीं है. उन्होंने कहा, 'हम किसी के भी खिलाफ दुर्भावना नहीं रखते, जिसमें बीजेपी सांसद और सरकार में शामिल लोग भी शामिल हैं. हम हमेशा बातचीत में विश्वास करते रहे हैं.'
कंगना रनौत ने क्या कहा था?
दरअसल कंगना ने अपने इंस्टाग्राम पर सौरव दास पर तीखा हमला किया था. उन्होंने 28 साल की उम्र में खुद को स्टूडेंट बताने पर उनका मजाक उड़ाया. उन्हें बेकार और बेरोजगार कहा, और कहा कि उनकी उम्र तक वे पहले ही दो नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी थीं. उन्होंने 'जेन ज़ी' (Gen Z) प्रदर्शनकारियों की भी आलोचना की, उन्हें जेनरेशन गटर (Generation Gutter) कहा और उनके वीडियो को उल्टी लाने वाला बताया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क