भूत बंगला ने पहले वीकेंड में ऐसा धमाका किया है जिसका इंतजार अक्षय कुमार और उनके फैन्स लंबे वक्त से कर रहे थे. लॉकडाउन के बाद बॉक्स ऑफिस पर लगातार स्ट्रगल करते नजर आए अक्षय के खाते में भूत बंगला फाइनली एक बड़ी हिट बनकर दर्ज होने को तैयार है.
पहले वीकेंड में ही इस फिल्म ने ऐसा धमाकेदार कलेक्शन कर डाला है जो आने वाले दिनों में इसे एक क्लीन, बड़ी हिट बना देगा. साल 2000 से 2010 तक अक्षय ने प्रियदर्शन के साथ लगातार दमदार कॉमेडी फिल्में दी हैं. 16 साल बाद इस जोड़ी का साथ आना फिर से तगड़ी कॉमेडी लेकर आया है और जनता ने इस रीयूनियन का दिल खोलकर स्वागत किया है.
भूत बंगला का तगड़ा वीकेंड
अक्षय की फिल्म ने गुरुवार की रात 9 बजे के बाद हुए पेड प्रीव्यूज से ही माहौल जमाना शुरू कर दिया था. 3.50 करोड़ के साथ भूत बंगला ने दमदार एंट्री की और शुक्रवार को 14.40 करोड़ के साथ फिल्म ने ऑलमोस्ट 18 करोड़ रुपये का ओपनिंग कलेक्शन किया. भूत बंगला को कॉमेडी के लिए मोस्टली पॉजिटिव रिव्यूज मिले और जनता का वर्ड ऑफ माउथ भी फिल्म के सपोर्ट में रहा.
शनिवार से इसका तगड़ा फायदा मिलना शुरू हुआ और 50% से ज्यादा जंप के साथ भूत बंगला ने 21.75 करोड़ कलेक्शन किया. रविवार को एक बार फिर से टिकट जमकर बिके और भूत बंगला का कलेक्शन एक बार फिर बढ़ा है. अक्षय की फिल्म ने तीसरे दिन 25.60 करोड़ नेट कलेक्शन किया है. हर दिन बढ़ती कमाई के साथ भूत बंगला ने पहले वीकेंड में 65 करोड़ से ज्यादा टोटल नेट कलेक्शन कर डाला है.
अक्षय कुमार का धांसू वीकेंड
लॉकडाउन के बाद लगातार बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल कर रहे अक्षय की सिर्फ तीन फिल्मों ने वीकेंड में 65 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया है. इनमें से सूर्यवंशी (77 करोड़) और हाउसफुल 5 (81.85 करोड़) फ्रेंचाइजी फिल्में थीं जिनमें अक्षय के साथ दूसरे बड़े नाम भी शामिल थे. सिर्फ स्काईफोर्स (73 करोड़) में अक्षय अकेले बड़े स्टार थे, लेकिन इस फिल्म के आंकड़ों पर ट्रेड ने कभी खास भरोसा किया नहीं. रियल लाइफ में इस फिल्म का क्रेज इस तरह नजर ही नहीं आ रहा था जैसे भूत बंगला के लिए ऑर्गैनिक तरीके से नजर आ रहा है.
ऊपर से लॉकडाउन के बाद वही हॉरर-कॉमेडी फिल्में कामयाब हुई हैं, जो किसी फ्रेंचाइजी या यूनिवर्स का हिस्सा रही हैं. लॉकडाउन के बाद ऑरिजिनल कॉमेडी फिल्मों को जनता से बहुत सॉलिड रिस्पॉन्स नहीं मिला है. इस मामले में भी भूत बंगला ने एक ट्रेंड तोड़ा है और ये फिल्म बिजनेस के लिए अच्छा संकेत है. अक्षय की भूत बंगला अगर शुक्रवार के मुकाबले, सोमवार को दमदार होल्ड बनाने में कामयाब होती है, तो ये बड़ी हिट साबित होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क