मशहूर फिल्ममेकर इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' इन दिनों सिनेमाघरों में धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. वहीं दूसरी तरफ इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक नई बहस भी छिड़ गई है. कुछ लोगों ने इस फिल्म को 'राष्ट्र-विरोधी' (anti-national) बताना शुरू कर दिया है. अब इस पूरे विवाद और सोशल मीडिया पर फिल्म के खिलाफ चल रहे नैरेटिव पर ऑस्कर विजेता और दिग्गज म्यूजिक कंपोजर ए आर रहमान का रिएक्शन सामने आया है.
दरअसल, हाल ही में ए.आर. रहमान की नजर इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक सैटायरिकल पोस्ट पर पड़ी, जिसमें फिल्म को 'राष्ट्र-विरोधी' कहने वालों पर तंज कसा गया था. इस पोस्ट में बेहद मजाकिया लहजे में फिल्म का मजाक उड़ाने वालों पर निशाना साधा गया था कि आखिर इस फिल्म ने 'पाकिस्तान को बिना आतंकवादियों और सीक्रेट एजेंटों के दिखाने की हिम्मत कैसे की?'
पोस्ट की हेडलाइन भी कुछ ऐसी ही थी- 'राष्ट्र-विरोधी? फिल्म ने पाकिस्तान को बिना आतंकवादियों और गुप्त एजेंटों के दिखाने की हिम्मत की.' रहमान ने इस नैरेटिव को गंभीरता से लेने के बजाय अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसे शेयर किया और फिल्म को एंटी-नेशनल बताने वालों के दावों पर बस एक हंसने वाला इमोजी लगाकर उनकी बोलती बंद कर दी.
व्यंग्यात्मक पोस्ट में छिपी थी बड़ी बात
रहमान ने जिस पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया, उसके कैप्शन में एक दर्शक के बहाने हमारी फिल्मों की घिसी-पिटी सोच पर करारा तंज कसा गया था. कैप्शन में लिखा था, 'एक दर्शक जो इस उम्मीद में गया था कि वह फिल्म में एक भारतीय जासूस को पाकिस्तान से बदला लेते हुए देखेगा, और जो फिल्म के बिल्कुल अंत में कहता है, 'मैं वापस आऊंगा', वह इस बात से बेहद निराश था कि फिल्म का आतंकवादियों और जासूसों से कोई लेना-देना ही नहीं था. हालांकि, वह फिल्म के इमोशनल ड्रामे से काफी प्रभावित हुआ, लेकिन वह इस उलझन में था कि पाकिस्तान में बिना आतंकवादी और जासूस के भी जिंदगी हो सकती है, क्योंकि बाकी फिल्मों में तो हमें सिर्फ यही दिखाया जाता है. बाद में उसने एक इंटरव्यू में माना कि यह बिल्कुल अनोखी बात थी और उसे पहली बार समझ आया कि पाकिस्तान में भी हमारे जैसे आम इंसान रह सकते हैं.'
इम्तियाज और रहमान का चला जादू
आपको बता दें कि 'मैं वापस आऊंगा' फिल्म के जरिए ए.आर. रहमान और इम्तियाज अली की जोड़ी ने पांचवीं बार एक साथ काम किया है. इससे पहले यह सुपरहिट जोड़ी 'रॉकस्टार', 'हाईवे', 'तमाशा' और 'अमर सिंह चमकीला' जैसी फिल्मों में संगीत का जादू बिखेर चुकी है. इस बार भी रहमान ने मशहूर गीतकार इरशाद कामिल के साथ मिलकर फिल्म का बेहतरीन साउंडट्रैक तैयार किया है, जिसके 'क्या कमाल है', 'मस्कारा' और 'इश्क मस्ताना' जैसे गाने पहले ही दर्शकों की जुबान पर चढ़ चुके हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क