बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री के बदलते रिश्तों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है. अमीषा ने आज के दौर के बॉलीवुड कलाकारों के बीच के संबंधों पर खुलकर अपनी राय रखी और बताया कि अब इंडस्ट्री में वो पुराना दौर और सच्चापन गायब हो चुका है.
अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर अमीषा ने अपनी ब्लॉकबस्टर डेब्यू फिल्म 'कहो ना... प्यार है' के दिनों की एक बेहद प्यारी और अनसीन फोटो शेयर की. इस थ्रोबैक फोटो में वह अपने पहले को-स्टार ऋतिक रोशन के साथ फुकेट के एक खूबसूरत रेस्टोरेंट में डिनर का लुत्फ उठाती नजर आ रही हैं.
इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए 'गदर' एक्ट्रेस का दर्द साफ झलका. उन्होंने जहां एक तरफ पुराने दिनों को याद किया, वहीं आज के बॉलीवुड पर तंज कसते हुए कहा कि को-स्टार्स के बीच अब वैसी मासूमियत और सच्चे रिश्ते देखने को नहीं मिलते, जैसी कभी उनके दौर में हुआ करती थी.
इंस्टाग्राम पर किया एक्ट्रेस ने पोस्ट
सोशल मीडिया पर फैंस के साथ इस खास याद को शेयर करते हुए अमीषा पटेल ने एक बेहद इमोशनल नोट लिखा. उन्होंने अपनी डेब्यू फिल्म के किरदारों के नाम का जिक्र करते हुए लिखा, 'फैंस के लिए रविवार का एक पुराना पल. यहां (सोनिया यानी मैं) अपने (रोहित/राज) ऋतिक रोशन के साथ डिनर कर रही हूं. यह उन खूबसूरत शामों में से एक है, जब हम 'कहो ना... प्यार है' की शूटिंग के सिलसिले में फुकेट में थे और वहां के एक प्यारे से रेस्टोरेंट में बैठे थे.'
बॉलीवुड पर कसा तंज
अमीषा पटेल ने इस पुरानी तस्वीर के बहाने आज के बॉलीवुड के काम करने के तरीके और कलाकारों के बीच के आपसी तालमेल पर एक बड़ा बयान दे दिया. अपनी पोस्ट में आगे बात करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा, 'वो मासूमियत और सच्चे रिश्ते, जो आज के बॉलीवुड में को-स्टार्स के बीच अब बिल्कुल भी देखने को नहीं मिलते! मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे इंडस्ट्री में काम करने का मौका उस दौर में मिला, जहां मैंने ऐसे सच्चे रिश्ते और दोस्ती बनाई जो हमेशा-हमेशा कायम रहेंगी.'
अमीषा की इस बात से साफ जाहिर होता है कि वह आज के दौर में एक्टर्स के बीच दिखने वाले प्रोफेशनल या दिखावे के रिश्तों की तुलना में अपने जमाने के स्वाभाविक लगाव को ज्यादा बेहतर मानती हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क