आमिर खान और करीना कपूर फिल्म लाल सिंह चड्ढा में साथ नजर आने वाले हैं. ये फिल्म क्रिसमस 2020 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना महामारी के चलते इसकी शूटिंग नहीं हो सकी और इसे एक साल के लिए टाल दिया गया. अब आमिर खान ने लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग को लेकर एक इंटरव्यू में बातचीत की है.
आमिर खान ने की लाल सिंह चड्ढा पर बात
आमिर ने हाल ही में एक इंटरव्यू लाल सिंह चड्ढा को लेकर अपडेट दी. इस दौरान उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जहां पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही थी, वहीं लाल सिंह चड्ढा को कोरोना के साथ-साथ प्रेग्नेंट करीना से भी जूझना पड़ा था. आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गम्प पर आधारित है. उस फिल्म का उदाहरण देते हुए आमिर ने अपनी बात रखी.
आमिर खान ने कहा, "अगर आपने फॉरेस्ट गम्प देखी है तो आपको याद होगा कि फिल्म की शुरुआत एक पंख से होती है. वो पंख आसमान से नीचे उड़ता हुआ आता है, फिर लोगों के कंधों पर जाता है. हवा उस पंख को इधर-उधर घुमा रही होती है. तो मैं और अद्वैत (चन्दन), जो कि फिल्म के डायरेक्टर हैं, हम अक्सर इस बारे में मजाक करते थे कि जब से हमने ये फिल्म ली है, हमारी जिंदगी ही पंख-सी बन गई है. अलग-अलग परों से हमें अलग-अलग दिशा में धक्का दिया जा रहा है और हम उसी दिशा में चले जा रहे हैं.''
कोरोना और करीना दोनों से निपट रहे थे आमिर
आमिर ने आगे कहा, ''यह पता लगा रहे थे कि आखिर में हम कहां लैंड होंगे? क्योंकि जहां पूरी दुनिया कोरोना से निपट रही थी, हम कोरोना के साथ-साथ फिल्म की हीरोइन करीना से भी निपट रहे थे. वे प्रेग्नेंट हो गई थीं. एक और कॉम्प्लीकेशन. हवा के एक और झोंके ने हमें फिर दूसरी दिशा में धकेल दिया था. तो इसलिए अब हम देख रहे हैं कि कहां लैंड होते हैं. अभी के लिए चीजें ठीक चल रही हैं और कंट्रोल में हैं. उम्मीद है कि साल के अंत तक हमें फिल्म देखने को मिल जाएगी."
कोविड पॉजिटिव पाए गए थे आमिर खान
बता दें कि लाल सिंह चड्ढा के पोस्ट प्रोडक्शन पर काम कर रहे आमिर खान, कुछ समय पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. इसके बाद वे ब्रेक लेकर होम क्वारनटीन हो गए थे और फिल्म पर काम रुक गया था. बात करें लाल सिंह चड्ढा की तो ये हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गम्प (1994) की हिंदी रीमेक है, जिसमें हॉलीवुड एक्टर टॉम हैंक्स ने मुख्य किरदार निभाया था. इसके लिए टॉम को ऑस्कर अवॉर्ड मिला था और फिल्म ने 6 ऑस्कर अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे.
aajtak.in