'महिषासुर' बने करोड़पति कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस, 51 की उम्र में होगा एक्टिंग डेब्यू, पोस्टर रिलीज

Terence Lewis Film Poster: टेरेंस लुईस फिल्म ‘आज का महिषासुर’ से एक्टिंग में डेब्यू करने जा रहे हैं. नवरात्रि पर फिल्म का फर्स्ट लुक और ‘जगदंबे रानी’ गाना रिलीज हुआ. जानें फिल्म की कहानी, स्टारकास्ट और टेरेंस ने क्या कहा.

Advertisement
आज का महिषासुर बने टेरेंस लुईस (Photo: Screengrab) आज का महिषासुर बने टेरेंस लुईस (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:03 PM IST

Terence Lewis Film Debut: अपने डांस मूव्स से लोगों को दीवाना बनाने वाले मशहूर कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस अब एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. उनकी पहली फिल्म का नाम है ‘आज का महिषासुर’. खास बात ये है कि फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज की उन कड़वी सच्चाइयों पर भी सवाल उठाती है, जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं.

Advertisement

51 साल के टेरेंस इस फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड हैं. उनका कहना है कि फिल्म की कहानी और इसका गहरा संदेश ही उन्हें इस प्रोजेक्ट की तरफ खींच लाया. नवरात्रि के मौके पर फिल्म का फर्स्ट लुक और भक्ति गीत ‘जगदंबे रानी’ भी रिलीज किया गया. 

डांस फ्लोर के बाद अब पर्दे पर दिखेगा टेरेंस का जलवा!

टेरेंस लुईस को अब तक आपने डांस करते, डांस सिखाते और टीवी रियलिटी शोज में कंटेस्टेंट्स को जज करते देखा होगा. लेकिन अब वह एक नए अवतार में दर्शकों के सामने आने वाले हैं. ‘आज का महिषासुर’ उनके फिल्मी करियर की पहली फिल्म है, जिसे लेकर उन्होंने अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की है.

आईएएनएस को दिए गए एक खास बयान में टेरेंस ने बताया कि फिल्म की सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया. उनके मुताबिक, यह फिल्म महिषासुर की पारंपरिक छवि से आगे बढ़कर आज के समाज में मौजूद बुराइयों की पड़ताल करती है.

Advertisement

‘बुराइयां हमारे अंदर भी हैं’, टेरेंस की बात में छिपा है बड़ा संदेश

टेरेंस लुईस ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, “आज का महिषासुर के साथ अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है. इस फिल्म की दिलचस्प और सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी ने मुझे अपनी ओर खींचा. यह फिल्म महिषासुर को लेकर हमारी पारंपरिक सोच से आगे जाती है और आज के समाज की कड़वी सच्चाइयों को सामने लाती है.”

उन्होंने आगे कहा कि हमारे आसपास बुराइयां मौजूद हैं, लेकिन कुछ बुराइयां हमारे भीतर भी होती हैं, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. टेरेंस के मुताबिक, ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो समाज को एक जरूरी संदेश देती है, उनके डेब्यू को और भी खास बनाता है.

नवरात्रि में मां के दरबार पहुंचे टेरेंस और खुशाली कुमार

फिल्म के मेकर्स ने नवरात्रि के मौके पर ‘आज का महिषासुर’ का पहला लुक और भक्ति गीत ‘जगदंबे रानी’ पेश किया. इस मौके को खास बनाने के लिए टेरेंस लुईस, खुशाली कुमार और टीम के अन्य सदस्य मुंबई के मुंबादेवी मंदिर पहुंचे.

यहां सभी ने मां के दर्शन किए और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया. इस दौरान सितारों के माथे पर तिलक नजर आया. टीम ने मंदिर में फिल्म का पोस्टर भी अनवील किया.

Advertisement

‘आज का महिषासुर’ में टेरेंस लुईस के साथ पद्मिनी कोल्हापुरे, चंदन रॉय और आयशा ऐमान भी नजर आएंगे. चंदन रॉय को मशहूर वेब सीरीज ‘पंचायत’ में उनके काम के लिए जाना जाता है.

कौन हैं टेरेंस लुईस?

टेरेंस लुईस किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. वह डांस और कोरियोग्राफी की दुनिया में लंबे समय से अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं. उन्होंने ‘लगान’, ‘झंकार बीट्स’ और ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ जैसी फिल्मों के डांस सीक्वेंस कोरियोग्राफ किए हैं.

फिल्म ‘लगान’ में उनके काम को साल 2002 में अमेरिकन कोरियोग्राफी अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था. टीवी की दुनिया में वह ‘डांस इंडिया डांस’, ‘नच बलिए’ और ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ जैसे लोकप्रिय रियलिटी शोज में जज की भूमिका निभा चुके हैं.

अब टेरेंस डांस और कोरियोग्राफी से आगे बढ़कर एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं. ऐसे में फैंस की नजरें उनकी पहली फिल्म ‘आज का महिषासुर’ पर टिकी हैं. सवाल यही है कि क्या डांस की दुनिया में छाने के बाद टेरेंस एक्टिंग में भी अपना जादू चला पाएंगे?

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »