'3 इडियट्स', 'पीके' और 'मुन्नाभाई एम.बी.बी.एस.' जैसी बेहतरीन फिल्में बना चुके डायरेक्टर राजकुमार हिरानी अब डिजिटल डेब्यू करने जा रहे हैं. उनकी पहली वेब सीरीज प्रीतम एंड पेड्रो 3 जुलाई को रिलीज होने वाली है, जिसमें अरशद वारसी और विक्रांत मैसी के साथ खुद राजकुमार के बेटे, वीर हिरानी भी नजर आएंगे.
इस वेब सीरीज के प्रमोशन में जुटे राजकुमार हिरानी आजकल एक और वजह से बहुत चर्चा में हैं— 3 इडियट्स का सीक्वल. हाल ही में उन्होंने रिवील किया था कि वह आमिर खान स्टारर अपनी आइकॉनिक फिल्म का सीक्वल लाने वाले हैं और इस पर काम शुरू हो चुका है. अब हिरानी ने 3 इडियट्स सीक्वल को लेकर नई जानकारी शेयर की है.
वैरायटी इंडिया के साथ एक बातचीत में राजकुमार हिरानी ने 3 इडियट्स से जुड़ी बड़ी डिटेल्स शेयर कीं. अभी यह फिल्म डेवलपमेंट के किस स्टेज पर है, यह बताते हुए हिरानी ने कहा, 'सच कहूं तो इस समय मैं अभी शुरुआती स्क्रिप्ट पर ही काम कर रहा हूं. यह बहुत शुरुआती ड्राफ्ट है. आमिर (खान) ने इसे सुना है और उन्हें पसंद भी आया है, लेकिन हमें अभी इस पर काफी काम करना है. फिलहाल अभिजात जोशी और मैं मुंबई से बाहर खुद को लगभग बंद करके बैठ गए हैं और इसे लिखने की कोशिश कर रहे हैं.' हिरानी ने आगे कहा कि अगले दो महीनों में वह इस बात का बेहतर जवाब दे पाएंगे कि फिल्म कब से शुरू होने वाली है.
सीक्वल का नाम सुनते ही 3 इडियट्स के पक्के वाले फैंस यह अंदाजा लगाने लगे थे कि कहीं हिरानी पुराने किरदारों को खत्म करके, नए किरदारों के साथ तो कहानी आगे नहीं बढ़ाने वाले. हिरानी ने इसका जवाब देते हुए कहा, 'इसमें सभी वही किरदार हैं. सबके सब वही पुराने किरदार हैं. यह एक तरह का टाइम लीप है, यानी 'अब वे क्या कर रहे हैं?'
राजकुमार हिरानी ने आगे बताया कि उनका सीक्वल पहली 3 इडियट्स के 20 साल बाद की कहानी है. इसमें उनके किरदारों की उम्र बढ़ चुकी है. वे अब कॉलेज में नहीं हैं; अपने-अपने पेशों में हैं, शादीशुदा हैं. उनके बच्चे हो चुके हैं और सीक्वल का फोकस इस बात पर होगा कि अब उनकी जिंदगी में आगे क्या होने वाला है.
3 इडियट्स के सीक्वल से पहले हिरानी की वेब सीरीज प्रीतम एंड पेड्रो पर फैंस की नजर लगी है. इस साइबर क्राइम थ्रिलर का ट्रेलर जनता को पसंद आया था, अब देखना है कि डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आ रही यह कहानी क्या कमाल करती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क