नहीं रहे 'थ्री इडियट्स के लाइब्रेरियन' एक्टर अखिल मिश्रा, घर में फिसलने से हुई मौत

जाने माने एक्टर अखिल मिश्रा का निधन हो गया है. थ्री इडियट्स में लाइब्रेरियन की भूमिका से फेमस हुए एक्टर की एक एक्सीडेंट में मौत हुई है. अखिल ने कई टीवी शोज और फिल्मों में काम किया था. अखिल की मौत के बाद उनकी पत्नी सुजैन बुरी तरह टूट गई हैं.

Advertisement
अखिल मिश्रा अखिल मिश्रा

नेहा वर्मा

  • नई दिल्ली,
  • 21 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 2:24 PM IST

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से शॉकिंग खबर आई है. फिल्म 'थ्री इडियट्स' में लाइब्रेरियन की भूमिका से फेमस हुए एक्टर अखिल मिश्रा की घर में फिसलने से मौत हुई है. बुधवार दोपहर मुंबई के मीरा रोड स्थित घर में अचानक पैर फिसलने से अखिल के सिर पर गंभीर चोटें आईं. आनन- फानन में उन्हें अस्पताल ले जाकर एडमिट करवाया गया.

चोट गहरी होने के कारण डॉक्टर्स उन्हें बचा नहीं पाए और कुछ घंटों में ही उनकी मौत हो गई. अखिल की पत्नी सुजैन बर्नेट फिल्म शूटिंग के सिलसिले में हैदराबाद गई हुई थीं. सुजैन की मैनेजर ने अखिल के डेथ की खबर को कंफर्म किया है.

Advertisement

'3 इडियट्स' से मिली थी पहचान

अखिल ने कई टीवी शोज और फिल्मों में काम किया था. उन्होंने भंवर, उतरन, उड़ान, सीआईडी, श्रीमान श्रीमति, भारत एक खोज, रजनी जैसे शोज किए थे. फिल्मों की बात करें तो, एक्टर ने डॉन अब्बा, हजारों ख्वाहिशें ऐसी, 3 इडियट्स में काम किया था. इंडस्ट्री में अखिल ने सालों काम किया लेकिन पहचान उन्हें 3 इडियट्स में लाइब्रेरियन दुबे के रोल से मिली. सीरियल उतरन में उमेद सिंह बुदेला के रोल में भी उन्हें काफी पसंद किया गया था. 

पत्नी संग स्क्रीन पर किया था काम

अखिल की पत्नी सुजैन बर्नेट भी पेशे से एक्ट्रेस हैं. पति की मौत के बाद वो बुरी तरह टूट गई हैं. अखिल की पहली पत्नी मंजू मिश्रा थीं. 1983 में शादी के बाद दोनों का 1997 में तलाक हो गया था. मंजू से अलग होने के बाद अखिल की लाइफ में सुजैन आईं. अखिल ने सुजैन बर्नेट से 2009 में शादी की. ये उनकी दूसरी शादी थी.

Advertisement

पति-पत्नी ने साथ में प्रोजेक्ट्स भी किए थे. फिल्म कर्म, टीवी शो 'मेरा दिल दीवाना', शॉर्ट फिल्म 'मजनू की जूलियट' में उन्होंने स्टेज शेयर किया था. सुजैन कई भाषाओं की फिल्मों-शोज में काम करती हैं. वो सीरियल कसौटी जिंदगी की, सावधान इंडिया, एक हजारों में मेरी बहना है, चक्रवर्ती अशोक सम्राट, ये रिश्ता क्या कहलाता है में दिखी हैं. सुजैन स्क्रीन पर कई बार कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का रोल निभा चुकी हैं. 

जब पत्नी के लिए करियर को होल्ड पर रखा

अखिल एक्टिंग कोच भी थे. एक वक्त अपनी जर्मन पत्नी सुजैन बर्नेट को शुद्ध हिंदी सिखाने के लिए उन्होंने अपने करियर को होल्ड पर रखा था. इसका खुलासा एक इंटरव्यू में सुजैन ने किया था. एक्ट्रेस ने बताया था कि कैसे टीवी शो चक्रवर्ती अशोक सम्राट को करते वक्त फ्लूएंसी को लेकर इश्यू हुआ था. तब उनके पति अखिल ने अपना सारा टाइम उनके लिए निकाला. अपने करियर पर ब्रेक लगाकर वो सुजैन को रोजाना हिंदी सिखाते थे.

अखिल का यूं चले जाना फैंस और इंडस्ट्री को स्तब्ध कर गया है. वो चाहे आज इस दुनिया में नहीं है, लेकिन अपने शानदार काम के लिए हमेशा याद किए जाएंगे. फैंस एक्टर के निधन की खबर जानकर दुखी हैं. हर कोई अखिल मिश्रा को नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहा है.

Advertisement

RIP अखिल मिश्रा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »