भाग्यश्री की जिंदगी किसी परीकथा जैसी लगती है. सांगली के शाही परिवार में जन्मीं 'मैंने प्यार किया' की ये एक्ट्रेस असल जिंदगी की राजकुमारी हैं, जो शाही ठाठ-बाट और रस्मों के बीच पली-बढ़ी हैं. बॉलीवुड में डेब्यू के दशकों बाद भले ही उन्होंने मुंबई को अपना घर बना लिया हो, लेकिन उनके घर में उनके शाही बचपन की झलक साफ दिखती है.
भव्य काले रंग का मुख्य दरवाजा, खास डिजाइन वाली दीवारें, आरामदायक वेल्वेट सोफे, खूबसूरत झूमर, निजी मंदिर और विशाल आउटडोर स्पेस, भाग्यश्री का मुंबई वाला घर पारंपरिक शान और आधुनिक लग्जरी का बेहतरीन मिश्रण है.
भाग्यश्री के इस घर की सबसे दिलचस्प खासियत किसी आर्किटेक्ट या इंटीरियर डिजाइनर की बनाई चीज नहीं है. ये है एक पेड़ पर कुदरती तौर पर बना गणपति का चेहरा, जिसे देखकर ही भाग्यश्री और उनके पति हिमालय दासानी ने यह घर खरीदने का फैसला किया था.
घर की शुरुआत एक चौड़े रास्ते से होती है, जो पार्किंग एरिया तक जाता है और चारों तरफ हरी-भरी हरियाली से घिरा है. एंट्रेंस पर एक आकर्षक ब्लैक दरवाजा है, जिसके अंदर और बाहर दोनों तरफ बारीक नक्काशी है, जो पहले ही नजारे में असर छोड़ देती है.
दरवाजे के आगे एक खूबसूरत फोयर है, जिसमें एक खास सफ़ेद दीवार है, जिस पर विस्तृत पैटर्न बना है. टेक्सचर्ड डिजाइन इस सादे से स्पेस में गहराई और खूबसूरती जोड़ देता है. इसके पास रखी कंसोल टेबल पर कई सजे-धजे शोपीस रखे हैं, जिनमें एक सिल्वर हाथी सबसे खास है.
फोयर से आगे एक स्टाइलिश लिविंग एरिया है, जहां ब्राउन रंग के प्लश सोफे सफेद कुशनों के साथ जोड़े गए हैं. अर्दी टोन्स कमरे को वार्म और लग्जरी फील देती हैं, वहीं हल्के रंग जगह को रोशन रखते हैं.
डाइनिंग एरिया के सामने एक सीढ़ी है, जो दूसरे बैठक वाले इलाके तक जाती है, जहां परिवार दोस्तों और रिश्तेदारों का इंतजाम करता है. भाग्यश्री अपने दोस्तों के साथ यहीं गपशप करती हैं.
भाग्यश्री ने फराह खान के व्लॉग में बताया कि हमने यह घर सिर्फ इसलिए खरीदा, क्योंकि यहां हमें एक गणपति दिखे. घर के पीछे एक पेड़ है, जिसका कुदरती तने का आकार भगवान गणपति के चेहरे से मिलता-जुलता है. इसमें आंखों और हाथी की सूंड जैसे फीचर्स कुदरती हैं, जबकि एक दांत बाद में लगाया गया ताकि उनकी छवि और साफ दिखे.
प्रॉपर्टी के पिछले हिस्से से काली सीढ़ियां भाग्यश्री के मंदिर की तरफ जाती हैं. आउटडोर एरिया पार्टी के वक्त एक खूबसूरत एंटरटेनमेंट स्पेस भी बन जाता है. स्टाइलिश सीटिंग, फूलों की सजावट और झूमर इस जगह को गर्माहट और ग्लैमर से भर देते हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि ऊपर मंदिर है, फिर टेरेस और एक बेडरूम.
किचन की सबसे बड़ी खूबसूरती इसका कलर पैलेट नहीं, बल्कि स्पेस और वेंटिलेशन है. मुंबई जैसे शहर में जहां जगह और हवा का इंतजाम मुश्किल होता है, यहां दोनों भरपूर हैं. साथ ही एक खूबसूरत व्यू भी. फराह ने कहा, ऐसा किचन होना एक सपने जैसा है.
लग्जरी इंटीरियर के बावजूद भाग्यश्री का घर बहुत पर्सनल है. एक हिस्से में मेमोरी वॉल है, जिस पर एक्ट्रेस और उनके परिवार की तस्वीरें लगी हैं. इसके पास की सीढ़ी पहली मंजिल तक जाती है, जहां बेडरूम हैं.
यहां एक खुली जगह भी है, जो भाग्यश्री की पर्सनल वर्कआउट और योगा एरिया के तौर पर इस्तेमाल होती है. भाग्यश्री का घर देखकर बस यही कहेंगे कि घर हो तो ऐसा.
All Photos: Social Media/Farah Khan Youtube