गुजरात विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे के आधार पर पता चला है कि इस बार चुनाव में कुल 397 उम्मीदवार करोड़पति हैं. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और गुजरात इलेक्शन वॉच (जीईडब्ल्यू) की रिपोर्ट के मुताबिक दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 1828 उम्मीदवारों में से 1098 ने या तो बारहवीं कक्षा या उससे भी कम पढ़ाई की है. चुनाव में महिला उम्मीदवारों की कुल संख्या 118 है.
उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे के विश्लेषण के मुताबिक पहले चरण में चुनाव में उतरने वाले कुल 977 उम्मीदवारों में से 198 ने एक करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है. दूसरे चरण के कुल 851 हैं.
इस रिसर्च के मुताबिक 397 करोड़पति उम्मीदवारों में से 131 ने पांच करोड़ रूपये की संपत्ति की घोषणा की है जबकि 124 अन्य उम्मीदवारों ने दो करोड़ रूपये से पांच करोड़ रूपये की चल और अचल संपत्ति घोषित की है. सत्तारूढ़ बीजेपी ने 142 करोड़पति उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है जबकि विपक्षी कांग्रेस की ओर से ऐसे 127 उम्मीदवार हैं. एनसीपी ने 17 करोड़पति उम्मीदवारों को उतारा है जबकि AAP के 13 उम्मीदवार और बीएसपी के पांच उम्मीदवार करोड़पति हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक 56 निर्दलीय उम्मीदवार भी करोड़पति हैं. दसकरोई सीट से कांग्रेस के पंकज पटेल हैं, जिनकी कुल संपत्ति 231.93 करोड़ रूपये है. उनके बाद दूसरे नंबर पर कांग्रेस के ही राजकोट-वेस्ट सीट से इंद्रनील राजगुरू हैं, जिनकी उनकी कुल संपत्ति 141.22 करोड़ रूपये है. तीसरे नंबर पर बोटाड सीट से बीजेपी उम्मीदवार और गुजरात के पूर्व वित्त मंत्री सौरभ पटेल हैं. वह भी हैं. उनकी कुल संपत्ति 123.78 करोड़ रूपये है.
निरक्षर भी मैदान में
इसके ठीक उलट छह निर्दलीय उम्मीदवारों ने घोषणा की है कि उनके पास कोई चल-अचल संपत्ति नहीं है. शैक्षणिक योग्यता के मामले में, 1098 उम्मीदवारों ने पांचवी, आठवीं, दसवीं या बारहवीं कक्षा पास की है. 119 उम्मीदवारों ने कहा कि वह महज साक्षर हैं और 23 उम्मीदवारों ने खुद को निरक्षर बताया.
गुजरात में पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है जबकि दूसरा चरण का मतदान 14 दिसंबर को होगा. हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ गुजरात चुनाव के नतीजे 18 दिसंबर को घोषित होंगे.
अनुग्रह मिश्रा