उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तकरार तेज है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश में दो मियां हैं- एक छोटे मियां और एक बड़े मियां. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों को घुसपैठियों से बड़ा प्यार है और बांग्लादेशियों को गले लगाते हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला किया. उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में हुए दंगों, अपराध का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर थे. उन्होंने कहा कि उस दौरान युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी और समाजवादी पार्टी खुद महिला सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई थी.
प्रदेश में दो मियां हैं: CM योगी
उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सपा कार्यकाल में मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मेरठ और बुलंदशहर जलता था. उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि इस समय देश में दो मियां हैं- एक बड़े मियां, एक छोटे मियां. उन्होंने कहा, 'छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से बड़ा प्यार है ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं. और दलितों, वंचितों, गरीबों, अन्नदाता किसानों और युवाओं का अपमान करते हैं.'
यह भी पढ़ें: 'योगी जी को धन्यवाद कहिए', जब सुरक्षा की तारीफ कर रही लड़की से बोले पीएम मोदी
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास और राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया. उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में राम जन्मभूमि आंदोलन और अयोध्या के विकास में रोड़े अटकाए गए.
उन्होंने कहा, 'बीजेपी सरकार ने जब अयोध्या के विकास की योजना बनाई, तो उसमें रोड़े अटकाए गए. राम जन्मभूमि आंदोलन के समय भी राम मंदिर निर्माण का विरोध किया गया.'
उन्होंने बीजेपी सरकार द्वारा किए हुए कार्यों को बताते हुए कहा कि 2017 से पहले श्रद्धालु एक साथ दर्शन नहीं कर सकते थे. उन्होंने कहा, 'आज 20,000 श्रद्धालु एक साथ दर्शन कर सकते हैं.'
aajtak.in