उत्तर प्रदेश में आगामी वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन को गठबंधन का प्रस्ताव दे दिया है. ओवैसी ने तीसरी बार बीजेपी सरकार बनने से रोकने के लिए गठबंधन की बात कही और चेतावनी दी कि अगर सपा साथ नहीं देती तो वे अकेले चुनाव लड़ेंगे
श्रावस्ती में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन पर ओवैसी ने निशाना साधा. ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत देश के 20 करोड़ मुसलमान किसी की बपौती नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर पार्टियां मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक या अपनी संपत्ति समझती हैं तो आने वाले चुनाव में उन्हें इसका जवाब मिलेगा.
'तीसरी बार नहीं बननी चाहिए बीजेपी सरकार'
इस कार्यक्रम में ओवैसी ने समाजवादी पार्टी को गठबंधन का प्रस्ताव भी दिया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार BJP की सरकार नहीं बननी चाहिए. उन्होंने बीजेपी को रोकने के लिए सपा और INDIA गठबंधन के सामने गठबंधन का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि उनके प्रस्ताव को कमजोरी न समझा जाए.
उन्होंने प्रस्ताव के साथ ही समाजवादी पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सपा उनका साथ ठुकराती है तो वे अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे.
यह भी पढ़ें: 'हैदराबाद में जंतर-मंतर से भी बड़े प्रदर्शन होंगे', Form 7 को लेकर असदुद्दीन ओवैसी ने खोला मोर्चा
उन्होंने समाजवादी पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा, 'यह हमारी कमजोरी नहीं है, यह हमारी ताकत की निशानी है. अगर आप हाथ ठुकराते हैं तो समाजवादी पार्टी सुन लें कि यह हाथ बहुत ताकतवार है.'
'मुसलमानों से नहीं आपको उनके वोट से प्यार'
ओवैसी ने आरोप लगाया कि पिछले 70-75 सालों से मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि लोगों की आंखों के सामने 200 से ज्यादा मदरसे सील कर दिए गए, लेकिन समाजवादी पार्टी, बीजेपी या अन्य कथित धर्मनिरपेक्ष पार्टी ने उनकी मदद केलिए हाथ नहीं बढ़ाया. उन्होंने दावा किया कि 18 से ज्यादा मदरसे गिरा दिए गए. उन्होंने सवाल किया कि तब समाजवादी पार्टी के नेता कहां थे.
उन्होंने दावा किया कि यह पार्टियां मुसलमानों से नहीं, उनके वोट से प्यार करती हैं. उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियां मुसलमानों को न्याय नहीं दिलाना चाहती बल्कि उन्हें कमजोर करना चाहती है.
उन्होंने कहा कि AIMIM सिर्फ मुसलमानों के लिए नहीं, बल्कि दलित समेत सभी के न्याय की बात करती है. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यही AIMIM और समाजवादी पार्टी में सबसे बड़ा अंतर है.
aajtak.in