UP कांग्रेस में पद-टिकट के नाम पर वसूली के आरोप, प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने वीडियो जारी कर दी सफाई

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस में संगठनात्मक पद और टिकट दिलाने के नाम पर पैसे मांगने के आरोप लगे हैं. राहुल गांधी समेत वरिष्ठ नेताओं को शिकायत भेजी गई है. यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आरोपों पर सफाई देते हुए कार्यकर्ताओं को फर्जी दावेदारों और पैसे मांगने वालों से सावधान रहने को कहा है.

Advertisement
राजेंद्र पाल गौतम बोले- विरोधी भ्रम फैला रहे हैं. (Photo: File/ITG) राजेंद्र पाल गौतम बोले- विरोधी भ्रम फैला रहे हैं. (Photo: File/ITG)

आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:48 AM IST

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के भीतर संगठनात्मक पदों और टिकट वितरण को लेकर बड़े विवाद की खबर सामने आई है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, यहां तक कि राहुल गांधी को भी ई-मेल भेजकर यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के कथित सहयोगियों पर वसूली के आरोप लगाए गए हैं. 

मामला सामने आने के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने वीडियो जारी कर सफाई दी है. उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस में न तो संगठनात्मक पद देने के लिए पैसे लिए जाते हैं और न ही चुनाव का टिकट देने के नाम पर किसी से रकम मांगी जाती है. साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को फर्जी दावेदारों और ठगी करने वालों से सावधान रहने की अपील की है.

Advertisement

दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में संगठन को मजबूत करने और टिकट वितरण की तैयारियों के बीच पैसे मांगने की शिकायत सामने आई है. आरोप है कि राजेंद्र पाल गौतम के कुछ कथित सहयोगी संगठन में पद दिलाने और विधानसभा चुनाव का टिकट पक्का कराने के नाम पर लोगों से रकम मांग रहे हैं. 

इस संबंध में राहुल गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को ई-मेल भेजकर शिकायत की गई है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही शिकायत में लगाए गए आरोपों पर किसी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है.

राजेंद्र पाल गौतम की सफाई
विवाद बढ़ने के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी को भी टिकट देने या संगठन में पद देने के लिए पैसे नहीं लेती. उन्होंने कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और किसी भी तरह के झांसे में आकर रकम जमा न करें.

Advertisement

गौतम ने कहा कि अभी तक किसी से टिकट देने को लेकर बात ही नहीं हुई है, क्योंकि सीटों के बंटवारे की प्रक्रिया शुरू होने वाली है. उन्होंने आशंका जताई कि जैसे-जैसे टिकट वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, इस तरह के आरोप और भी सामने आ सकते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मजबूत होने के साथ ही विरोधी तरह-तरह के आरोप लगाएंगे, लेकिन कार्यकर्ताओं को सावधान रहना चाहिए.

₹76 हजार जमा कराने के नाम पर पहले भी आए थे फोन
राजेंद्र पाल गौतम ने अपने बयान में एक पुराने मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि पहले भी कुछ लोगों के पास फोन गए थे. फोन करने वालों ने खुद को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) से जुड़ा बताकर दावा किया था कि चुनाव लड़ने के लिए उनका नाम लगभग तय हो रहा है. इसके बाद उनसे 76 हजार रुपये एक खाते में जमा कराने को कहा गया था और बारकोड भेजने की बात कही गई थी.

गौतम ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी कोई उनके या उनके स्टाफ के नाम का इस्तेमाल करके इस तरह की ठगी की कोशिश कर सकता है. इसलिए किसी भी व्यक्ति को टिकट या पद के नाम पर पैसे नहीं देने चाहिए.

Advertisement

जनता की पसंद और सर्वे के आधार पर मिलेगा टिकट

गौतम ने यह भी बताया कि कांग्रेस टिकट वितरण में जमीनी कार्यकर्ताओं और जनता के बीच पकड़ रखने वाले नेताओं को प्राथमिकता देगी. उनके मुताबिक, पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को टिकट देना पसंद करेगी जिन्हें जनता का समर्थन हासिल हो और जिनका नाम सर्वे में मजबूत दावेदार के तौर पर सामने आए. उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को दोबारा मजबूत करना है और इसके लिए जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम होगी.

उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि आरोप-प्रत्यारोप के बावजूद कार्यकर्ताओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए. अब इस पूरे मामले में शिकायतों पर पार्टी की ओर से क्या कदम उठाया जाता है और कथित वसूली के आरोपों की जांच होती है या नहीं, इस पर नजर रहेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »