कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया है कि भारत की विदेश और आर्थिक नीतियां अब अमेरिका और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रभाव में चल रही हैं. केरल में 9 अप्रैल को होने वाले चुनावों से पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार के दौरान भारत की स्वतंत्र रूप से तेल खरीदने की क्षमता कमजोर हो गई है.
राहुल गांधी ने कहा कि, “अगर भारत को रूस, ईरान या सऊदी अरब से तेल खरीदना हो, तो हमें डोनाल्ड ट्रंप से अनुमति लेनी पड़ती है. इससे ज्यादा शर्मनाक बात और क्या हो सकती है.” उन्होंने यह बयान पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत की ऊर्जा नीति को लेकर दिया.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जिस तरह डोनाल्ड ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नियंत्रित करते हैं, उसी तरह प्रधानमंत्री केरल के मुख्यमंत्री को नियंत्रित करते हैं.
उन्होंने कहा, “जैसे मोदी अपने फाइनेंशियल सिस्टम से नियंत्रित होते हैं, वैसे ही आपके मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार और अपने फाइनेंशियल सिस्टम से नियंत्रित होते हैं. "
उन्होंने PM मोदी के भाषणों की भी आलोचना करते हुए कहा कि वे शासन से जुड़े मुद्दों की बजाय 'मंदिरों और हिंदुत्व' पर ज्यादा फोकस रहते हैं.
केरल में वाम सरकार पर निशाना
राहुल गांधी ने केरल में एलडीएफ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि सबरीमाला से जुड़े मामलों में कोई कार्रवाई नहीं की गई. राहुल ने कहा, “वामपंथियों ने सोना चोरी किया और उसकी जगह पीतल रख दिया। उनके नेताओं ने सबरीमाला से चोरी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.”
राहुल गांधी ने यह भी सवाल उठाया कि बीजेपी एलडीएफ को क्यों कड़ा निशाना नहीं बनाती. उन्होंने कहा, “ऐसा इसलिए है क्योंकि मोदी केरल में एलडीएफ की सरकार चाहते हैं.”
राहुल गांधी ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी यह समझती है कि वामपंथ भारत में उसका प्रभावी मुकाबला नहीं कर सकता. उसे पता है कि सिर्फ कांग्रेस के पास ही वह विचारधारा और ताकत है, जो उसे चुनौती दे सकती है."
विपक्षी नेताओं पर दर्ज मामलों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “मेरे खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, मैं जमानत पर बाहर हूं. सब जानते हैं कि जो भी मोदी के खिलाफ कहेगा, उस पर केस दर्ज कर किए जाएंगे”
उन्होंने चयनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि ऐसी जांच दूसरों पर क्यों नहीं होती. मुख्यमंत्री और उनके परिवार का क्या? ऐसा इसलिए है क्योंकि वे उसी सिस्टम का हिस्सा हैं.
इसके अलावा राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार की भी आलोचना की.
शिबिमोल