केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस वक्त मिशन असम पर हैं. बंगाल में ममता सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करने के बाद शाह सीधे असम के गुवाहाटी पहुंचे. यहां उन्होंने एक विशाल रोड शो किया, जिसमें लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सड़कों पर उमड़ी इस भारी भीड़ को देखकर शाह काफी खुश नजर आए. आजतक से खास बातचीत में अमित शाह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार असम में बीजेपी 90 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से अपनी सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि चुनाव के बाद हिमंता बिस्व शर्मा ही दोबारा राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे.
शाह ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व शर्मा के काम की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि हिमंता ने असम को पूरे नॉर्थ-ईस्ट के लिए पढ़ाई और इलाज का सबसे बड़ा सेंटर बना दिया है. आज यहां के लोग बहुत खुश हैं क्योंकि उन्हें घर-घर साफ पानी और 24 घंटे बिजली मिल रही है. इस दौरान शाह ने इस बात पर भी जोर दिया कि अब असम में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह पक्की हो चुकी है.
'जैसे असम से घुसपैठ खत्म हुई, वैसे ही बंगाल में करेंगे'
असम की धरती से शाह ने बंगाल की राजनीति पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब टीएमसी (TMC) सरकार से पूरी तरह ऊब चुकी है और लोगों में भारी गुस्सा है. शाह ने जोर देकर कहा कि जिस तरह असम में घुसपैठ पूरी तरह बंद हो चुकी है, ठीक वैसे ही बंगाल में बीजेपी की सरकार बनते ही घुसपैठ पर पूरी तरह लगाम लगा दी जाएगी.
बता दें कि इससे पहले बंगाल के दौरे पर अमित शाह ने ममता सरकार के खिलाफ एक 'आरोप पत्र' (चार्जशीट) जारी किया था. वहां उन्होंने साफ कहा कि यह सिर्फ बीजेपी का दस्तावेज नहीं, बल्कि बंगाल की जनता की आवाज है. उनके मुताबिक, ममता सरकार ने 'मां, माटी, मानुष' के नारे के साथ द्रोह किया है और सोनार बांग्ला का सपना दिखाकर सिंडिकेट राज कायम कर दिया. उन्होंने कहा कि बंगाल में अब लड़ाई 'भय बनाम भरोसे' की है. इस दौरान अमित शाह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि बंगाल में बीजेपी का वोट शेयर 2014 में 17% से बढ़कर अब करीब 40% तक पहुंच गया है, जो साफ दिखाता है कि जनता बदलाव चाहती है.
बंगाल में शाह ने घुसपैठ को देश की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया था. उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा, 'ममता दीदी, आपके पास अब बहुत कम समय बचा है. आपने 600 किलोमीटर बॉर्डर पर फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दी, लेकिन चुनाव के बाद हम खुद इसे रोकेंगे.' उन्होंने वादा किया कि बीजेपी सरकार बनते ही 45 दिनों के भीतर फेंसिंग के लिए जमीन मुहैया कराई जाएगी. आरजी कर केस, मवेशी तस्करी और मनरेगा घोटाले का जिक्र करते हुए उन्होंने बंगाल में दावा किया था कि वहां की अस्मिता बचाने के लिए जनता इस बार बीजेपी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने जा रही है.
aajtak.in