'कांग्रेस-DMK ने महिलाओं को दिया धोखा, BJP दिलाएगी न्याय', तमिलनाडु में बोले अमित शाह

अमित शाह ने तमिलनाडु में एक चुनावी रोड शो के दौरान कांग्रेस और डीएमके पर महिला आरक्षण को लेकर विश्वासघात का आरोप लगाया और कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को न्याय दिलाएगी.

Advertisement
अमित शाह ने कांग्रेस और डीएमके पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया. (Photo: X/@BJP4India) अमित शाह ने कांग्रेस और डीएमके पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया. (Photo: X/@BJP4India)

aajtak.in

  • इरोड ,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:00 PM IST

अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस और डीएमके पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के खिलाफ वोट देकर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है. उन्होंने इन दलों पर संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण मिलने से वंचित करने का आरोप लगाया.

तमिलनाडु के इरोड में एक चुनावी रोड शो को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार इस साजिश को सफल नहीं होने देगी और देश की महिलाओं को न्याय दिलाएगी. उन्होंने भरोसा जताया कि विधानसभा चुनाव के बाद एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनेगी.

Advertisement

अमित शाह ने कहा, 'कांग्रेस और डीएमके ने देश और तमिलनाडु की माताओं-बहनों को संसद और विधानसभा में आरक्षण से वंचित किया है. तमिलनाडु के लिए लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का मौका था, लेकिन उन्होंने 2026 की जनगणना के आधार पर सीट बढ़ाने की मांग कर राज्य की सीटें घटाने की साजिश रची.'

यह भी पढ़ें: 'विपक्ष ने ओछी राजनीति कर बिल पारित नहीं होने दिया...', महिला आरक्षण पर तमिलनाडु में बोले PM मोदी

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु और देश की महिलाओं के साथ न्याय सुनिश्चित करेगी. इसके साथ ही अमित शाह ने डीएमके पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन अपने बेटे उदयनिधि स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाने में लगे हैं. उन्होंने कहा, 'पहले करुणानिधि, फिर स्टालिन और अब उनका बेटा- ऐसी वंशवादी पार्टियां तमिलनाडु के लोकतंत्र के लिए अच्छी नहीं हैं.'

Advertisement

उन्होंने डीएमके सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एआईएडीएमके-भाजपा सरकार बनने पर डीएमके का भ्रष्ट शासन खत्म होगा और राज्य में कानून-व्यवस्था बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तमिलनाडु की खोई हुई गौरवशाली पहचान को वापस लाने का प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने भाजपा को मिल रहे उत्साहपूर्ण समर्थन की सराहना की और लोगों से मोडाकुरिची सीट से भाजपा उम्मीदवार किर्थिका शिवकुमार को भारी मतों से जिताने की अपील की. बाद में अमित शाह चेन्नई के मायलापुर में भी एक रोड शो में शामिल हुए, जहां उन्होंने समर्थकों का अभिवादन किया और एनडीए उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा. तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement