समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज अयोध्या पहुंचेंगे. वह यहां श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल होंगे. दरअसल, यह कार्यक्रम पूर्व मंत्री और पूर्व अयोध्या विधायक तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के आवास पर हो रहा है. अखिलेश यादव कथा में शामिल होंगे और धार्मिक प्रवचन सुनेंगे.
यह कार्यक्रम अयोध्या धाम से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित कृष्णापुर खानपुर रसूलाबाद गांव में आयोजित किया जा रहा है. अखिलेश यादव के दौरे का कार्यक्रम करीब 1 घंटे 20 मिनट का है. इस दौरान वह कार्यक्रम स्थल पर करीब 40 मिनट रहेंगे.
पवन पांडेय की ओर से आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया है. यह कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू हुआ था. आज गुरुवार को इसका आखिरी दिन है. इसी दिन अखिलेश यादव इसमें शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें: 'BJP के इशारे पर काम न करे चुनाव आयोग', अखिलेश यादव ने ECI पर साधा निशाना
कार्यक्रम में भगवान कृष्ण से जुड़ी कथा और धार्मिक प्रवचन होगा. देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं यहां पहुंच रहे. कार्यक्रम के दौरान भंडारे का भी आयोजन होगा. यह आयोजन अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है. पवन पांडेय इसी क्षेत्र से सपा के प्रत्याशी रहे हैं.
राम मंदिर नहीं जाएगे अखिलेश यादव
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के आज के कार्यक्रम में राम मंदिर जाने की योजना नहीं है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनका यह दौरा धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने तक सीमित है. अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन से कोई आपत्ति नहीं है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव नवंबर में अयोध्या आ सकते हैं. इस दौरान वह राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे.
अखिलेश यादव का यह दौरा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हो रहा है. ऐसे में उनके अयोध्या पहुंचने को लेकर राजनीतिक चर्चा भी हो रही है. अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में ही राम मंदिर स्थित है.
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने ओवैसी को ना बोल दिया! कहा- पुराना गठबंधन ही रहेगा
समाजवादी पार्टी पहले राम मंदिर निर्माण और उससे जुड़े चंदे के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठा चुकी है. बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज किया था. अब चुनाव से पहले अखिलेश यादव का धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है.
अखिलेश यादव का निजी हेलीकॉप्टर दोपहर 3:40 बजे पुरसाए रामलीला मैदान के हेलीपैड पर उतरेगा. इसके बाद वह सड़क मार्ग से कृष्णापुर खानपुर रसूलाबाद जाएंगे. शाम 4 बजे वह पवन पांडेय के आवास पर पहुंचेंगे. यहां करीब 40 मिनट तक भागवत कथा में शामिल होंगे. शाम 4:40 बजे वह कार्यक्रम स्थल से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे.
यह भी पढ़ें: 'अखिलेश यादव नाराज हैं तो नुकसान उनका ही होगा...', सीट शेयरिंग पर इमरान मसूद का बड़ा बयान
शाम 4:50 बजे उनके हेलीपैड पहुंचने का कार्यक्रम है. इसके बाद शाम 5 बजे वह निजी हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे. शाम 5:40 बजे उनके अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है.
समर्थ श्रीवास्तव