दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. अब कक्षा 5वीं तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी. यानी स्कूलों में फिजिकल क्लास के साथ ऑनलाइन पढ़ाई का ऑप्शन भी मिलेगा. शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. यह फैसला सरकारी और प्राइवेट, दोनों तरह के स्कूलों पर लागू होगा.
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, दिल्ली में क्लास 5वीं तक की पढ़ाई अब हाइब्रिड मोड में कराई जाएगी. इसके तहत बच्चों को स्कूल जाकर पढ़ने के साथ घर से ऑनलाइन क्लास करने का विकल्प भी मिलेगा. स्कूलों को यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करनी होगी.
यह आदेश सिर्फ दिल्ली सरकार के स्कूलों तक सीमित नहीं है. नगर निगम (MCD), नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) और दिल्ली कैंट के स्कूलों को भी इसका पालन करना होगा. सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर यह निर्देश लागू रहेगा.
GRAP-3 लागू होने के बाद लिया गया फैसला
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू की गई हैं. इसी के बाद शिक्षा निदेशालय ने छोटे बच्चों की पढ़ाई को लेकर यह फैसला लिया है.
यह भी पढ़ें: प्रदूषण बढ़ते ही बिगड़ने लगी लोगों की सेहत, AIIMS के डॉक्टर बोले-बढ़ानी पड़ रही मरीजों की दवाएं
आदेश के अनुसार, हाइब्रिड मोड में पढ़ाई की व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी. यानी फिलहाल कक्षा 5वीं तक के बच्चों के लिए स्कूलों में ऑफलाइन पढ़ाई के साथ ऑनलाइन क्लास का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा. इसका मकसद प्रदूषण के बीच बच्चों को पढ़ाई जारी रखने का विकल्प देना है.
सुशांत मेहरा