हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने 10वीं परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. छात्र ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट चेक कर सकते हैं. इस साल कुल पासिंग प्रतिशत 89.60 प्रतिशत रहा है. वहीं, लड़कियों ने एक बार फिर से बाजी मारी है और लड़कों से अच्छा प्रदर्शन किया है. प्राइवेट स्कूल का रिजल्ट सरकारी स्कूल से बेहतर रहा.
बता दें कि इस साल बोर्ड परीक्षा में 2,47,860 छा-छात्राओं ने हिस्सा लिया था.
लड़कियों ने मारी बाजी
हरियाणा बोर्ड 10वीं रिजल्ट में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है. बोर्ड की ओर से जारी किए गए आंकड़े बताते हैं कि 91.64 प्रतिशत लड़कियां परीक्षा में पास हुई हैं. वहीं, लड़कों का पास प्रतिशत 87.69 फीसदी रहा. पिछले कुछ सालों से हरियाणा बोर्ड के रिजल्ट में बेटियां लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं.
टॉपर्स लिस्ट-
रैंक-1- दीपिका ने 499 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप किया
रैंक-2- 498 अंकों के साथ 4 परीक्षार्थियों रोनक, खुशी, अंतु और दीपांशु ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है.
रैंक-3- 497 अंकों के साथ 11 विद्यार्थियों ने तीसरे स्थान पर अपनी जगह बनाई.
ग्रामीण छात्रों का अच्छा रहा प्रदर्शन
आंकड़े बताते हैं कि निजी स्कूलों का पासिंग प्रतिशत 92.45 फीसदी रहा, जो सरकारी स्कूलों के पासिंग प्रतिशत से काफी अधिक है. सरकारी स्कूलों का पासिंग प्रतिशत 87.23 फीसदी है. हालांकि ग्रामीण छात्रों का प्रदर्शन शहरी छात्रों से बेहतर रहा है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में पासिंग प्रतिशत 90.25 फीसदी है, तो शहरी छात्रों का पासिंग प्रतिशत 87.94 फीसदी रहा.
कौन सा जिला रहा आगे?
वहीं, अगर टॉप प्रदर्शन करने वाले जिलों की बात करें तो चरखी दादरी पासिंग प्रतिशत में टॉप पर है. इसके बाद जींद दूसरे और महेंद्रगढ़ तीसरे स्थान पर है. वहीं, पिछले साल की तरह ही इस साल भी नूह जिला रैंकिंग में सबसे नीचे है.
ऐसे चेक करें रिजल्ट
आजतक एजुकेशन डेस्क