कहते हैं कि दुनिया में एक बाप ही ऐसा इंसान होता है जो चाहता है कि उसका बेटा उससे भी आगे जाए, उससे भी बड़ा नाम कमाए. प्रयागराज से सामने आई एक ऐसी ही तस्वीर ने आज पूरे देश का दिल पिघला दिया है.
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) के गेट पर एक पिता और बेटे के बीच का वो 60 सेकंड का भावुक दृश्य कैमरे में कैद हुआ, जिसे देखकर आपकी आंखें भी नम हो जाएंगी. लोग कह रहे हैं कि यह कोई रील या फिल्म का सीन नहीं, बल्कि एक बाप के बेइंतहा प्यार, त्याग और संस्कारों का वो सच है जो किसी भी डिग्री से बहुत बड़ा है.
कोट ठीक किया, बाल संवारे और मुंह में डाली मिठास!
प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के मुख्य गेट पर इन दिनों UPPCS के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू चल रहा है. सैकड़ों अभ्यर्थियों के बीच एक पिता अपने बेटे को इंटरव्यू दिलाने पहुंचे थे. गेट के ठीक बाहर, अंदर जाने से कुछ सेकंड पहले पिता ने बड़े दुलार से बेटे का कोट ठीक किया.
फिर जेब से कंघी निकाली और बेटे के बाल संवारे ताकि अफसर के सामने जाते वक्त उनका लाल सबसे अलग और स्मार्ट दिखे. फिर जेब से एक छोटी सी पुड़िया निकाली और बेटे को कुछ मीठा खिलाया. बेटे ने भी बिना एक सेकंड गंवाए तुरंत झुककर पिता के पैर छुए, उनका आशीर्वाद लिया और एक मजबूत आत्मविश्वास के साथ इंटरव्यू बोर्ड का सामना करने अंदर चला गया.
इंटरनेट पर फूटा प्यार, लोग बोले- 'यही हैं साक्षात भगवान'
वहां मौजूद लोगों ने जब इस पूरे पल को अपने कैमरे में रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर डाला, तो देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया. लाखों लोग इस वीडियो को देख चुके हैं और बेहद भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'जीत कैसे नहीं होगी, जिसे भगवान ने खुद सजाया है!'
वहीं दूसरे यूजर ने लिखाा, 'पिता का आशीर्वाद ही दुनिया की सबसे बड़ी ढाल है, बोर्ड का कोई भी सवाल अब इसे डिगा नहीं सकता.'
एक छात्र जब सालों-साल रातें जागकर UPPCS जैसे कठिन परीक्षा की तैयारी करता है, तो उसके पीछे सिर्फ उसकी मेहनत नहीं होती, बल्कि उसके पिता की घिसी हुई चप्पलें और रात-दिन का पसीना भी होता है. प्रयागराज के गेट पर दिखा यह नजारा इसी त्याग और बेइंतहा मोहब्बत का सबसे खूबसूरत उदाहरण है.
पंकज श्रीवास्तव