आपने कभी सोचा है कि आप किसी विरोध में जाकर न केवल आप फेमस हो गए हैं बल्कि आपके फॉलोअर्स 2,400 से 6 लाख तक पहुंच गया हो. लेकिन 19 साल के अभिनव की कहानी कुछ और ही बताती है. तीन महीने पहले तक अभिनव के लिए इंस्टाग्राम सिर्फ एक ऐसा प्लेटफॉर्म था, जहां उसके वीडियो पर कम व्यूज आते थे और फॉलोअर्स लगातार घट रहे थे. कई बार उन्होंने कंटेंट बनाना छोड़ देने तक का सोचा.
लेकिन जंतर-मंतर पर हुए CJP प्रदर्शन में एक आम दर्शक के तौर पर पहुंचा यह युवा नहीं जानता था कि वहीं से उसकी जिंदगी पूरी तरह बदलने वाली है. प्रदर्शन में उसके द्वारा बनाई गई कुछ रील्स देखते ही देखते लाखों यूजर्स तक पहुंच गई. महज 2,400 फॉलोअर्स वाला अकाउंट कुछ ही दिनों में 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. यह केवल एक वायरल वीडियो को लेकर चल रही बात नहीं है बल्कि उस दौर की भी कहानी है जहां एक स्मार्टफोन, सही समय और अलग नजरिया किसी की जिंदगी बदल सकता है.
बनाने गया कंटेंट वायरल होकर लौटा
ऑनलाइन BCA की पढ़ाई कर रहे अभिन्नव पिछले चार साल से कंटेंट क्रिएशन कर रहे हैं. इंस्टाग्राम पर वह IsaacIRL नाम से जाने जाते हैं. उनका कहना है कि वह किसी राजनीतिक मकसद से प्रदर्शन में नहीं गए थे. मैं सिर्फ माहौल देखने और कुछ कंटेंट बनाने गया था. मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि मेरी वीडियो इतनी वायरल हो जाएगी. प्रदर्शन से जुड़े उनके वीडियो, पुलिस के साथ बातचीत और Gen Z स्टाइल में बनाए गए कंटेंट को सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने देखा और शेयर किया.
इसके पहले वारयल हुआ था ये वाला वीडियो
अभिनव की सबसे ज्यादा वायरल हुई रील में 1964 की फिल्म Mr. X in Bombay का मशहूर गाना मेरे महबूब कयामत होगी इस्तेमाल किया गया. उन्होंने बताया कि यह फैसला किसी राजनीतिक संदेश के लिए नहीं था, बल्कि एक अलग तरह का कंटेंट बनाने की कोशिश थी. उनके मुताबिक, मैंने पहले किसी और रील में यह ऑडियो सुना था. मुझे लगा कि इसे अलग अंदाज में इस्तेमाल किया जा सकता है. शायद यही वजह रही कि लोगों को वीडियो पसंद आई.
वायरल होने के बाद अभिन्नव की मुलाकात कई ऐसे कंटेंट क्रिएटर्स से हुई, जिन्हें वह पहले केवल सोशल मीडिया पर देखा करते थे. इसे लेकर उन्होंने कहा कि पहले मैं सोचता था कि इनके साथ वीडियो बनाऊं, लेकिन कम फॉलोअर्स होने की वजह से कभी मैसेज नहीं किया. वायरल होने के बाद वही लोग मेरे साथ वीडियो बनाने लगे.
इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ सस्पेंड
अभी तक तो सब ठीक चल रहा था लेकिन तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के बीच अभिनव का इंस्टाग्राम अकाउंट कॉपीराइट शिकायत के चलते कुछ समय के लिए सस्पेंड भी हो गया. जब 6 लाख फॉलोअर्स थे और अकाउंट बंद हुआ तो मैं बहुत परेशान हो गया. समझ नहीं आ रहा था कि कॉपीराइट की शिकायत आखिर किस बात की है. बाद में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका अकाउंट दोबारा बहाल कर दिया गया.
प्रदर्शन में क्या देखा?
वहीं, प्रदर्शन को लेकर अभिनव का कहना है कि उन्होंने पत्थरबाजी नहीं देखी, लेकिन कुछ लोगों को पुलिस की ओर पानी की बोतलें फेंकते जरूर देखा है. उन्होंने एक बार वापस से दोहराया कि मैं किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन नहीं करता. अगर भविष्य में किसी मुद्दे पर प्रदर्शन होगा और मुझे लगेगा कि वजह सही है, तभी उसमें शामिल होऊंगा.
परिवार पहले चिंतित था, फिर बना सबसे बड़ा समर्थक
शुरुआत में तो अभिनव की मां उनके प्रदर्शन में जाने से बेहद परेशान थीं. उन्हें डर था कि कहीं पुलिस कार्रवाई में उनका बेटा घायल न हो जाए. लेकिन जब उनकी वीडियो करोड़ों व्यूज तक पहुंचने लगीं, तो परिवार ने भी उनके काम को समझा और पूरा समर्थन दिया.
वायरल होने के बाद खरीदा नया iPhone
अभिनव बताते हैं कि वायरल होने के बाद उनके पुराने फोन पर लगातार मैसेज आने लगे, जिससे फोन हैंग होने लगा. इसके बाद वह अपनी मां के साथ नया फोन खरीदने गए और बेहतर कैमरा क्वालिटी को देखते हुए नया iPhone लिया ताकि आगे और अच्छी क्वालिटी का कंटेंट बना सकें.
आगे क्या है प्लान?
अभिनव का कहना है कि वह आगे भी Gen Z दर्शकों के लिए मनोरंजक और रिलेटेबल कंटेंट बनाते रहना चाहते हैं. उनके मुताबिक, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि भविष्य की योजना बनाने का समय ही नहीं मिला. लेकिन अब मेरा लक्ष्य लगातार अच्छा और अलग कंटेंट बनाना है.
आजतक एजुकेशन डेस्क