दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग के बीच ध्रुव राठी का नाम भी चर्चा में है. ध्रुव राठी उन डिजिटल क्रिएटर्स में शामिल हैं जिन्हें आज लाखों लोग राजनीति, इतिहास और सामाजिक मुद्दों को समझने के लिए देखते हैं. लेकिन उनके करियर की शुरुआत आज की तरह बड़े यूजर्स के साथ नहीं हुई थी बल्कि उनका पहला वीडियो एक ट्रैवल व्लॉग था. कैमरे से अलग-अलग जगहों और अपने अनुभवों को रिकॉर्ड करने का उनका शौक धीरे-धीरे डिजिटल कंटेंट बनाने के काम में बदल गया. लेकिन क्या आपको पता है कि वह न केवल यूट्यूब पर फेमस हैं बल्कि उनके पास कई डिग्रियां भी हैं. इस जर्नी में इंजीनियरिंग, जर्मनी में उच्च शिक्षा और डिजिटल स्टोरीटेलिंग में बढ़ती दिलचस्पी सब शामिल है.
कैसा रहा है ध्रुव राठी का सफर?
ध्रुव राठी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने जर्मनी के कार्लज़ूहे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (KIT) से रिन्यूएबल एनर्जी में मास्टर्स की डिग्री हासिल की. उनकी पढ़ाई यहीं तक सीमित नहीं रही. उनकी आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने अर्थशास्त्र और पॉलिटिकल साइंस में दूसरी स्नातक डिग्री भी हासिल की. इंजीनियरिंग और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे तकनीकी विषयों से पढ़ाई शुरू करने के बाद राजनीति, इतिहास और सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाना उनके करियर का एक अलग मोड़ रहा. उनके वीडियो में इन विषयों से जुड़े सवालों और घटनाओं को आसान भाषा में समझाने पर जोर दिया जाता है.
पहले वीडियो को पोस्ट करने का स्ट्रगल
बता दें कि ध्रुव राठी ने जर्मनी में पढ़ाई के दौरान साल 2014 में यूट्यूब पर ट्रैवल से जुड़ा वीडियो शेयर करना शुरू किया था. उनका पहला वीडियो एक ट्रैवल व्लॉग था, जिसे उन्होंने आईफोन 5s से शूट किया था. अल जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि इस वीडियो को एडिट करने में उन्हें दो महीने से ज्यादा का समय लगा था. शुरुआत में ट्रैवल वीडियो बनाने वाले राठी ने बाद में राजनीति पर भी वीडियो बनाना शुरू किया. उन्होंने 16 सितंबर 2016 को अपना पहला राजनीतिक टिप्पणी वाला वीडियो अपलोड किया. इसके बाद राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर उनके वीडियो उनकी पहचान का अहम हिस्सा बन गए.
अच्छी डिग्री लेकिन फिर भी यूट्यूब में करियर
दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि शुरुआत में वह अपने वीडियो से जुड़ा सारा काम खुद ही करते थे. इसमें रिसर्च, लिखना और संपादन हर कुछ शामिल था. अल जजीरा के अनुसार, उन्होंने 2020 तक अकेले ही काम करना जारी रखा, जिसके बाद उन्होंने अपने चैनल की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एक टीम बनाई. हालांकि, धीरे-धीरे ध्रुव राठी के वीडियो केवल ट्रैवल वीडियो तक सीमित नहीं रहा और उन्हें ज्यादा यूजर्स मिलने लगे. साल 2023 में टाइम मैगजीन ने उन्हें अपनी ‘नेक्स्ट जनरेशन लीडर्स’ सूची में शामिल किया था. मैगजीन ने हिंदी में उनके उन वीडियो का जिक्र किया था, जिनमें वे चर्चित मुद्दों और दावों की तथ्य-जांच करते हैं.
डिग्री से अलग बनाया अपना करियर
ध्रुव राठी का करियर दिखाता है कि पढ़ाई के बाद जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति उसी क्षेत्र में काम करे, जिसकी उसने डिग्री हासिल की है. उन्होंने इंजीनियरिंग और रिन्यूएबल एनर्जी की पढ़ाई की, लेकिन बाद में यूट्यूब पर वीडियो बनाना अपना काम बना लिया. राजनीति, इतिहास और सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाकर उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में अपनी पहचान बनाई.
आजतक एजुकेशन डेस्क